यूपी को मिली नई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन की सौगात, इन बड़े शहरों से होकर गुजरेगी

यूपी तक

• 05:31 PM • 24 Sep 2026

त्योहारों के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे शकूरबस्ती–दरभंगा के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाएगा. ट्रेन यूपी के गाजियाबाद, कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा और गोरखपुर समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. ट्रेन 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक 52 ट्रिप के साथ चलेगी.

UP Tak
Google CTA

UP Special Train: त्योहारों पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. शकूरबस्ती–दरभंगा–शकूरबस्ती रिजर्व्ड फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस यूपी के कई बड़े शहरों और स्टेशनों से होकर गुजरेगी. रेलवे ने ट्रेन त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए चलाने का फैसला किया है.

यह भी पढ़ें...

ट्रेन 1 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक शकूरबस्ती से दरभंगा के लिए चलेगी. इस दिशा में कुल 52 ट्रिप होंगी. दरभंगा से शकूरबस्ती के लिए ट्रेन 2 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी और इसके भी 52 ट्रिप निर्धारित हैं. शकूरबस्ती से ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी और मंगलवार को नहीं चलेगी. दरभंगा से चलने वाली ट्रेन बुधवार को नहीं चलेगी.

यूपी के इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन

04098 शकूरबस्ती-दरभंगा ट्रेन सुबह 9:20 बजे शकूरबस्ती से रवाना होगी. इसके बाद नई दिल्ली, गाजियाबाद, कानपुर, उन्नाव, ऐशबाग, बादशाहनगर, बाराबंकी, बुढ़वल, गोंडा और गोरखपुर समेत कई स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा.

ट्रेन गाजियाबाद में सुबह 10:50 से 10:52 बजे, कानपुर में शाम 7:30 से 7:40 बजे, उन्नाव में रात 8:08 से 8:10 बजे, ऐशबाग में रात 9:05 से 9:10 बजे और बादशाहनगर में रात 9:33 से 9:35 बजे रुकेगी. इसके बाद बाराबंकी जंक्शन पर रात 10:13 से 10:15 बजे, बुढ़वल में 10:43 से 10:45 बजे और गोंडा में 11:50 से 11:55 बजे ठहराव होगा.

यात्रियों के लिए ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल कोच की व्यवस्था होगी. गोरखपुर में ट्रेन रात 2:40 बजे पहुंचेगी और 2:50 बजे रवाना होगी. इसके बाद यह कप्तानगंज, सिसवा बाजार, बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल, घोड़ासहन, बैरगनिया और सीतामढ़ी होते हुए दरभंगा पहुंचेगी.

दरभंगा पहुंचने का समय सुबह 11:45 बजे निर्धारित है. वापसी में 04097 दरभंगा-शकूरबस्ती ट्रेन दोपहर 2 बजे दरभंगा से रवाना होगी और यूपी के गोरखपुर, गोंडा, बाराबंकी, बादशाहनगर, ऐशबाग, उन्नाव, कानपुर और गाजियाबाद होते हुए शकूरबस्ती पहुंचेगी.