Shivpal Singh Yadav: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के जेल से बाहर आते ही प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद यूपी की सियासत भी गरमा गई है. इस कार्रवाई को लेकर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने प्रदेश सरकार पर जोरदार हमला बोला है. इटावा के जसवंत नगर में एक कवि सम्मेलन के दौरान शिवपाल ने कहा यह 'जुल्मी सरकार' है, जिसने आजम खान को झूठे मुकदमों में फंसाया है. उन्होंने आगे कहा, अब सरकार के इशारे पर ईडी ने उन्हें दोबारा गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही उन्होंने हाल ही आए एमएलसी चुनाव के नतीजों को लेकर सरकार को निशाना साधा और बेईमानी का आरोप लगाया है.
ADVERTISEMENT
आजम पर शिवपाल ने सरकार को घेरा
इटावा के जसवंत नगर स्थित रामलीला मैदान में कवि सम्मेलन में पहुंचे शिवपाल यादव ने आजम खान की गिरफ्तारी के मुद्दे पर सरकार को जमकर घेरा है. शिवपाल ने कहा, 'आजम खान झूठे मुकदमों में जेल में बंद थे. जब वे जमानत पर जेल से बाहर आ रहे थे, तो बाहर निकलते ही सरकार के इशारे पर ईडी के लोगों ने उन्हें हिरासत में ले लिया है.' शिवपाल ने इस कार्रवाई को विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बताया और कहा कि देश और जनता पर संकट का माहौल है. उन्होंने कहा कि ऐसी जुल्मी सरकार के खिलाफ आवाज उठानी पड़ेगी और इसे सत्ता से हटाना ही होगा.
क्या है आजम खान का पूरा मामला?
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दो पैन कार्ड मामले में आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की जमानत मंजूर करते हुए सजा निलंबित कर दी थी. शनिवार को जैसे ही आजम खान रामपुर जेल से बाहर आए, पहले से मौजूद ईडी की टीम ने सीआरपीएफ जवानों के साथ उन्हें हिरासत में लिया और फिर गिरफ्तार कर लिया. ईडी ने इस मामले में 14 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया था. अब ईडी उन्हें अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए कस्टडी की मांग करेगी.
'बेईमानी ना होती तो 11 सीटें जीतते'
शिवपाल यादव ने हाल ही में हुए एमएलसी चुनाव का जिक्र करते हुए सरकार पर बेईमानी के गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा है कि गोरखपुर और मेरठ में शासन-प्रशासन के जरिए बेईमानी कराई गई थी. शिवपाल ने दावा किया कि अगर चुनाव पूरी तरह से निष्पक्ष होता तो समाजवादी पार्टी सभी 11 सीटों पर बड़ी जीत दर्ज करती. उन्होंने आगरा में सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल के संघर्ष की भी तारीफ की और कहा कि प्रत्याशियों को चुनाव में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा.
'2027 में बनेगी सपा की सरकार'
कवि सम्मेलन के मंच से शिवपाल सिंह यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार से पूरी तरह से परेशान हो चुकी है. छात्र, महिलाएं, नौजवान और व्यापारी, सभी सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जता रहे हैं. शिवपाल ने साफ तौर पर कहा कि आने वाले चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी बहुमत के साथ अगली सरकार बनाने जा रही है.
ADVERTISEMENT











