UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में 30 अक्टूबर 2026 को पूरे दिन दक्षिण छत्तीसगढ़ और ओडिशा के ऊपर बने चक्रवाती तूफान 'अर्नब ' का असर देखने को मिला है. प्रदेश भर में काले बादल छाए रहे और बारिश के साथ तेज हवाओं का दौर भी जारी रहा. हालांकि अब चक्रवाती तूफान का असर कम हो गया है, जिससे कल लोगों को यूपी में भारी बारिश और तेज हवाओं से राहत मिलेगी. मौसम विभाग ने कल के लिए यूपी में बारिश, आंधी या वज्रपात को लेकर कोई भी चेतावनी जारी नहीं की है. लेकिन पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में केवल गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है. इसके साथ ही तापमान में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. अगले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में अचानक 5 से 8 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे ठंड का अहसास बढ़ जाएग.
ADVERTISEMENT
आज यूपी में कोई चेतावनी नहीं
तूफान 'अर्नब' का असर कम होने के बाद अब मौसम विभाग ने प्रदेशवासियों को बड़ी राहत दी है. IMD के ताजा अपडेट के अनुसार कल पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कोई भी अलर्ट जारी नहीं किया गया है. हालांकि पश्चिमी और पूर्वी यूपी के दोनों ही संभागों में कल कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है.
इन जिलों में होगी हल्की बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक कल यूपी के 27 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. इनमें पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, संत कबीर नगर, बस्ती, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, संत रविदास नगर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अमेठी, अयोध्या और बाराबंकी जिले शामिल हैं.
अधिकतम तापमान में आएगी भारी गिरावट
वहीं बारिश का दौर खत्म होने के बाद तापमान में भी भारी बदलाव हुआ है. प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में अचानक 5 से 8 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट होने की संभावना है, जिससे ठंडक का अहसास बढ़ जाएगा. लेकिन इसके बाद तापमान में 5 से 7 डिग्री की बढ़ोतरी भी हो सकती है. वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो अगले 48 घंटों के दौरान इसमें कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद न्यूनतम तापमान भी 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर सकता है.
यह भी पढ़ें: मौत के बाद कब्र से निकाला गया AMU प्रोफेसर की पत्नी खान नूर अफरोज का शव, भतीजे ने जताया हत्या का शक
ADVERTISEMENT











