लेटेस्ट न्यूज़

मौत के बाद कब्र से निकाला गया AMU प्रोफेसर की पत्नी खान नूर अफरोज का शव, भतीजे ने जताया हत्या का शक

अलीगढ़ में AMU के पूर्व प्रोफेसर की पत्नी की मौत के ढाई महीने बाद कब्र खोदकर शव निकाला गया. भतीजे ने हत्या का शक जताया, तो बच्चों ने संपत्ति विवाद का आरोप लगाया. आखिर मौत के पीछे क्या है असली वजह?

ADVERTISEMENT

Aligarh News
Aligarh News
social share
Google CTA

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के पूर्व प्रोफेसर की पत्नी के निधन के करीब ढाई महीने बाद, प्रशासन के आदेश पर कब्र खोदकर उनका शव बाहर निकाला गया. थाना सिविल लाइन क्षेत्र में घटी इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतका के भतीजे ने उनकी मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या का आरोप लगाया है. जबकि दूसरी ओर मृतका के बच्चों का कहना है कि उनके चाचा और चचेरे भाई जमीन व संपत्ति हड़पने के लिए यह सारा षड्यंत्र रच रहे हैं. प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

क्या है पूरा मामला?

एएमयू के लॉ विभाग के पूर्व वरिष्ठ प्रोफेसर शब्बीर अहमद की 84 साल की पत्नी डॉ. खान नूर अफरोज का कैंसर व अन्य गंभीर बीमारियों के चलते निधन हो गया था. 18 अगस्त 2026 को उन्हें एएमयू स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया था. दफनाए जाने के करीब एक महीने बाद प्रतापगढ़ से अलीगढ़ पहुंचे उनके भतीजे और जेठ/देवर ने अचानक पुलिस व प्रशासन से शिकायत दर्ज कराई. शिकायतकर्ता का दावा है कि उन्हें मौत की सूचना 15 दिन बाद मिली और उनकी हत्या किए जाने की आशंका है.

जिलाधिकारी (DM) के निर्देश पर एक जांच टीम गठित की गई और 29 अक्टूबर 2026 को मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की उपस्थिति में शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. इस पूरी प्रक्रिया की बकायदा वीडियोग्राफी भी कराई गई है.

परिजनों का पलटवार

दूसरी तरफ मृतका की बेटी ऐश मोहम्मद और अन्य बच्चों ने इन आरोपों को पूरी तरह से मनगढ़ंत बताया है. परिजनों का कहना है कि उनकी मां लंबे समय से बीमार थीं और उनका कई अस्पतालों में इलाज चला, लेकिन इस दौरान शिकायतकर्ताओं ने कभी हाल-चाल तक नहीं पूछा.

बच्चों का आरोप है कि माता-पिता के देहांत के बाद चाचा और उनका बेटा उनकी पुश्तैनी जमीन तथा स्कूल पर बुरी नीयत रख रहे हैं. केवल संपत्ति पर कब्जा करने और परिवार को प्रताड़ित करने की नीयत से यह झूठी शिकायत दर्ज कराई गई है.

पुलिस प्रशासन का बयान

मामले में डीएसपी सर्वम सिंह ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर नियमानुसार प्रक्रिया का पालन करते हुए शव को निकाला गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अग्रिम जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष विधिक कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा PNB बैंक से करोड़ों रुपये आखिर ट्रांसफर कहां हुए? पुलिस जांच में हुआ बड़ा खुलासा