बुलंदशहर में लड़कियों का पीछा करके गंदे इशारे करता था शाहरुख, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
ADVERTISEMENT
Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में कूड़ा बीनने वाली दो लड़कियों से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. आरोप है कि शाहरुख नाम का युवक उनका पीछा कर अश्लील गाने गाता और भद्दे कमेंट करता था.
Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पुलिस ने एक मनचले युवक को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि युवक सड़क पर कूड़ा बीनने वाली लड़कियों का पीछा करके उन पर भद्दे कमेंट करता था और गंदे गाने गाने गाता था. इस युवक की इसी घटिया हरकत का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था. वीडियो सामने आने के बाद गुलावठी थाना पुलिस ने तुरंत इस मामले का संज्ञान लिया और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे सीधा जेल भेज दिया है. यह घटना उन लोगों के लिए एक कड़ा सबक है, जो सड़क पर चलते हुए लड़कियों को परेशान करना अपनी शान समझते हैं और खुद को हीरो मानते हैं.
कूड़ा बीनने वाली लड़कियों को छेड़ा
दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है जिसमें साफ नजर आ रहा है कि दो लड़कियां सड़क पर कूड़ा बीनने का काम कर रही है. तभी एक मनचला लड़का उनके पीछे-पीछे चलने लगता है. वह लगातार उन लड़कियों को परेशान करता है, उनके पीछे गंदे गाने गाता है और अश्लील फब्तियां कसता है. अपनी मेहनत से रोजी-रोटी कमाने वाली इन लड़कियों को भी इस युवक ने अपनी घटिया हरकतों का शिकार बनाया.
वीडियो वायरल होने पर फंसा आरोपी
आरोपी को शायद इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसकी यह रोड छाप हरकत उसी पर भारी पड़ जाएगी. जिस वक्त वह सड़क पर लड़कियों के पीछे गाने गाता हुआ चल रहा था, उसी दौरान किसी ने उसकी इस हरकत का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया. इंटरनेट पर वीडियो वायरल होते ही यह मामला पुलिस तक पहुंच गया, जो इस युवक की सबसे बड़ी मुश्किल बन गया.
पुलिस ने शाहरुख को भेजा जेल
बुलंदशहर पुलिस की पड़ताल में पता चला कि यह पूरा मामला गुलावठी थाना क्षेत्र का है और 27 अक्टूबर को यह वीडियो वायरल हुआ था. जांच के दौरान वीडियो में दिख रहे आरोपी युवक की पहचान शाहरुख के रूप में हुई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी शाहरुख के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया. पुलिस का यह सख्त एक्शन ऐसे मनचलों के लिए एक बड़ी चेतावनी है.
