यूपी MLC चुनाव में सपा ने किया शानदार प्रदर्शन, अब इन नतीजों का 2027 में कितना होगा असर? गोरखपुर की जनता ने बताई अपनी राय
ADVERTISEMENT
यूपी की 11 एमएलसी सीटों के नतीजों के बाद अब 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. बीजेपी ने 6 और सपा ने 5 सीटों पर जीत दर्ज की है. इन नतीजों का आगामी चुनाव पर कितना असर होगा, इस पर गोरखपुर के लोगों की मिली-जुली राय सामने आई है.
उत्तर प्रदेश में हाल ही में हुए 11 एमएलसी सीटों के चुनाव परिणाम आ चुके हैं. इनमें से 6 सीटें भारतीय जनता पार्टी और 5 सीटें समाजवादी पार्टी के खाते में गई हैं. इन नतीजों के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या इसका असर 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों पर पड़ेगा? इस मुद्दे पर गोरखपुर के स्थानीय लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं. जहां कुछ लोगों का मानना है कि एमएलसी चुनाव मुख्य रूप से शिक्षकों का चुनाव है और इसका आम जनता के मतदान पर कोई खास असर नहीं होगा, वहीं कुछ लोग इसे बदलाव का संकेत मान रहे हैं. एक बात पर ज्यादातर लोग सहमत दिखे कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोरखपुर और पूरे पूर्वांचल में बड़े स्तर पर विकास कार्य हुए हैं.
चुनाव परिणामों का असर नहीं होगा
स्थानीय निवासी ओमकार और फैयाज का स्पष्ट मानना है कि एमएलसी चुनाव का 2027 के विधानसभा चुनावों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. उनका तर्क है कि एमएलसी चुनाव में केवल शिक्षक वर्ग मतदान करता है, जबकि 2027 के चुनाव में आम जनता वोट डालेगी. लोगों का कहना है कि गोरखपुर की जनता पूरी तरह से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ खड़ी है. फैयाज ने बताया कि वीर बहादुर सिंह के बाद योगी आदित्यनाथ ही ऐसे नेता हैं जिन्होंने पूर्वांचल में हर क्षेत्र में विकास किया है. गोरखपुर में अब बड़े उद्योग लग रहे हैं, सड़कें बेहतर हुई हैं और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं.
सपा की जीत और बदलाव की सुगबुगाहट
दूसरी तरफ, मुकेश यादव और दुर्गेश का मानना है कि एमएलसी चुनाव के नतीजे बदलाव का इशारा कर रहे हैं. उनका कहना है कि जहां पहले सपा के पास 3 सीटें थीं, वहीं अब वे 5 सीटें जीत चुके हैं, जिसका असर आने वाले विधानसभा चुनावों में जरूर देखने को मिलेगा. एक एडवोकेट ने भी माना कि मौजूदा सरकार के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर भी हो सकती है और आने वाले समय में राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं. उनका मानना है कि जनता अब बदलाव चाहती है.
पार्टियों को करनी होगी अपनी समीक्षा
सुनील पांडे का कहना है कि एमएलसी चुनाव के नतीजों ने एक बात तो साफ कर दी है कि सत्ताधारी पार्टी को अपनी नीतियों की समीक्षा करने की जरूरत है. चुनाव में कड़ी टक्कर देखने को मिली है, जिससे यह संदेश जाता है कि पार्टियों को अपनी कमजोरियों पर काम करना होगा, तभी 2027 के चुनाव में ऐतिहासिक जीत मिल सकेगी. उनका यह भी मानना है कि एनपीएस जैसे मुद्दों का भी चुनाव में असर रहा है, इसलिए पार्टियों को अपनी आंतरिक गुटबाजी को दूर करके जनता की मांगों पर ध्यान देना चाहिए.
