मेरठ में मुस्कान-सौरभ के बंद घर को पुलिस ने खोला, अंदर बिखरा मिला परिवार का ये जरूरी सामान
ADVERTISEMENT
Meerut Muskan Saurabh Case: मेरठ में सौरभ हत्याकांड के बाद से बंद पड़ा मुस्कान और सौरभ का मकान पुलिस ने खोल दिया है. मकान मालिक की अर्जी पर हुई कार्रवाई के बाद पहली बार घर के अंदर की तस्वीरें सामने आई हैं.
Meerut Muskan Saurabh Case: उत्तर प्रदेश के मेरठ में मुस्कान और सौरभ का वो मकान एक बार फिर खुल गया है, जो वारदात के बाद से काफी समय से बंद पड़ा था. ब्रह्मपुरी पुलिस ने मकान मालिक की अर्जी पर इस घर को खोला है. मकान मालिक ने पुलिस से गुहार लगाई थी कि घर बंद होने के कारण उन्हें किराये का नुकसान हो रहा है. पहली बार इस घर के अंदर की तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं, जिसमें सौरभ और मुस्कान का कई सामान बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है. हालांकि, पुलिस की मौजूदगी में सौरभ के परिवार वालों ने मोटा-मोटा और जरूरी सामान वहां से निकाल लिया है. लेकिन घर में अभी भी बच्चों के खिलौने, किताबें, कपड़े और कई ऐसी चीजें मौजूद हैं, जो इस परिवार की कहानी बयां कर रही हैं.
घर में मिला मुस्कान और सौरभ का सामान
घर के अंदर जाते ही मुस्कान और सौरभ का बहुत सारा सामान बिखरा हुआ मिला है. यहां सौरभ कुमार का एक बोर्डिंग पास मिला है, जिस पर लंदन और इकोनॉमी क्लास लिखा हुआ है. इसके अलावा, मुस्कान के नाम का एक कोविड टीकाकरण कार्ड, एक बर्थ सर्टिफिकेट और मुस्कान के जूते भी मिले हैं. कमरे में एक कोने में छोटा सा मंदिर बना हुआ है और वहीं पास में बच्चों के पढ़ने-लिखने की किताबें और खिलौने पड़े हुए हैं.
दीवारों पर बनी खास पेंटिंग्स
कमरे की दीवारों पर बच्चों द्वारा बनाई गई कई छोटी-छोटी पेंटिंग्स मौजूद हैं, जो सबसे ज्यादा ध्यान खींचती हैं. इन पेंटिंग्स में ज्यादातर जगहों पर सिर्फ मां और बेटी को ही दिखाया गया है. एक किताब में भी मां और बेटी की तस्वीर बनी हुई है, लेकिन इनमें कहीं भी पिता की तस्वीर नहीं है. घर में एक पुरानी और गंदी हालत में पड़ी गुड़िया भी मिली है, जो शायद उनकी बड़ी बेटी की हो सकती है.
यहीं दिया गया था वारदात को अंजाम
बताया जा रहा है कि यही वह कमरा है जहां इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया था. इसी कमरे के दरवाजे से पुलिसकर्मी ड्रम को बाहर निकाल कर ले गए थे. बीती रात पुलिस की मौजूदगी में सौरभ के भाई और मां घर आए थे. उन्होंने घर से जरूरी सामान की लिस्ट बनाकर उसे अपने साथ रख लिया है. हालांकि, अभी भी कुछ सामान घर में बाकी है, जिसे कबाड़ के रूप में जल्द ही वहां से हटाया जाएगा.
