लेटेस्ट न्यूज़

कौशांबी में बेटी प्रेमी संग भागी, सदमे में मां की मौत... गुस्से में पिता ने जिंदा बेटी का किया पिंडदान

ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश के कौशांबी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पिता ने अपनी जिंदा बेटी का ही पिंडदान कर दिया है. दरअसल, बेटी अपने प्रेमी के साथ भाग गई जिसका सदमा उसकी मां को लगा और उनका सदमे से मौत हो गई.

social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश के कौशांबी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पिता ने अपनी जिंदा बेटी का ही पिंडदान कर दिया है. दरअसल, बेटी अपने प्रेमी के साथ भाग गई जिसका सदमा उसकी मां को लगा और उनका सदमे से मौत हो गई.  इस दोहरे दुख ने पिता को अंदर तक तोड़ दिया, जिसके बाद उसने अपनी इकलौती बेटी से हमेशा के लिए सारे रिश्ते खत्म कर लिए. पिता ने न सिर्फ बेटी का पिंडदान किया, बल्कि उसे अपनी सारी चल-अचल संपत्ति से भी बेदखल कर दिया है. यह घटना संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मूरतगंज पल्हाना रोड की है, जहां राजू गुप्ता का परिवार रहता था.

प्रेमी के साथ भागी बेटी

राजू गुप्ता की 19 साल की बेटी 12वीं की छात्रा थी. 15 अक्टूबर को वह रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी. जब काफी देर तक वह घर नहीं आई, तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की. बाद में उन्हें पता चला कि वह धनी गांव के रहने वाले अपने प्रेमी अमरदीप रेदास के साथ घर छोड़कर चली गई है. बेटी के इस कदम से उसकी मां पार्वती को इतना गहरा सदमा लगा कि वे इसे बर्दाश्त नहीं कर सकीं और उनकी मौत हो गई.

अंतिम संस्कार में आने से बेटी का इनकार

बेटी के लापता होने के बाद राजू गुप्ता ने संदीपन घाट पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 6 घंटे के अंदर ही लड़की और उसके प्रेमी को ढूंढ निकाला. पुलिस ने लड़की को उसकी मां की मौत की खबर भी दी, लेकिन उसने अपनी मां के अंतिम संस्कार में भी शामिल होने से साफ इनकार कर दिया. चूंकि लड़की बालिग है, इसलिए पुलिस ने अदालत में उसका बयान दर्ज करवाया और फिर उसे अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ जाने की इजाजत दे दी.

शादी की चल रही थी तैयारी

इस घटना ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है. राजू गुप्ता के मुताबिक, उनकी बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं. करीब एक महीने पहले ही उसकी फतेहपुर जिले में सगाई हुई थी और 25 नवंबर को शादी की तारीख भी पक्की हो चुकी थी. इससे पहले भी लड़की की दो बार सगाई हो चुकी थी, लेकिन दोनों बार रिश्ते टूट गए थे. परिवार को उम्मीद थी कि इस बार बेटी की शादी धूमधाम से होगी, लेकिन इसके उलट घर में पत्नी की मौत और जिंदा बेटी का पिंडदान देखने को मिला.