Waris Pathan Statement: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म खान को दो पैन कार्ड मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बावजूद अभी राहत नहीं मिली है. 11 महीने तक जेल में रहने के बाद जब वह शनिवार रात में रामपुर जेल से बाहर आए तो प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें तुरंत अपनी हिरासत में ले लिया था. इस दौरान आजम खान ने मीडिया से कहा था कि 'मुझे मुसलमान होने की सज़ा मिल रही है.' वहीं आज गाजियाबाद की PMLA कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. अब आज़म खान की इस गिरफ़्तारी पर एआईएमआईएम (AIMIM) के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मुसलमानों से अपनी लीडरशिप तैयार करने और एकजुट होने की भावुक अपील की है.
ADVERTISEMENT
सुनिए AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने क्या कहा?
'मुसलमान होने की सज़ा मिल रही है'
आज़म खान की गिरफ़्तारी पर वारिस पठान ने अफ़सोस जताते हुए कहा है कि, 'यह बेहद दुखद और चिंताजनक बात है कि 11 महीने जेल में रहने के बाद अदालत ने उन्हें और उनके बेटे को बरी कर दिया, लेकिन बाहर आते ही ईडी ने उन्हें हिरासत में ले लिया. आज़म खान के अल्फ़ाज़ थे कि 'मुझे मुसलमान होने की सज़ा मिल रही है.' सोचिए आज देश में मुसलमानों का क्या हाल हो गया है.'
आज़ादी में मुसलमानों ने भी दी कुर्बानी
वारिस पठान ने बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा है कि, 'हम वही मुसलमान हैं, जिन्होंने जंगे आज़ादी में अपनी जानें गंवाईं. तब ये बीजेपी और आरएसएस वाले कहां थे? आज मुसलमानों को इतनी तकलीफ़ों का सामना करना पड़ रहा है.' उन्होंने आज़म खान के परिवार के दर्द का ज़िक्र करते हुए कहा है कि, 'सोचिए उस परिवार पर क्या बीत रही होगी, जिसका बेटा तो घर पहुंच गया, लेकिन वालिद को उठाकर फिर से कस्टडी में डाल दिया गया है. क्या यह ज़ुल्म और अत्याचार नहीं है?'
'अपनी लीडरशिप तैयार करो, मुत्तहिद हो जाओ'
वारिस पठान ने मुसलमानों से एकजुट होने की अपील करते हुए नसीहत दी है, 'इसीलिए हम हर बार कहते हैं कि अपनी क़यादत (लीडरशिप) बनाओ. अपनी सफ़ों (रैंक्स) की दरार को मिटा दो, मुत्तहिद (एकजुट) हो जाओ और अपने लीडर को पहचानो. जिसकी लीडरशिप नहीं होती, उसकी ऐसी ही हालत होती है.' उन्होंने आरोप लगाया कि जब से भाजपा सत्ता में आई है, उसने मुसलमानों के ख़िलाफ़ एक जंग सी छेड़ दी है, जिसमें मस्जिद, मदरसे और हिजाब से लेकर मुसलमानों से नफ़रत का माहौल खड़ा कर दिया गया है.
'वरना सांस लेना भी दुश्वार हो जाएगा'
वारिस पठान ने चेतावनी देते हुए कहा है कि, 'मुसलमानों को बिना ट्रायल छह-छह साल तक जेल में डाल दिया जाता है. आज उसका जीता-जागता सबूत आपके सामने है. अगर अब भी सब नहीं जागे और अपनी लीडरशिप तैयार नहीं की, तो ओवैसी साहब बार-बार कह रहे हैं कि एक दिन ऐसा आएगा जब इस देश में मुसलमानों का सांस लेना भी दुश्वार हो जाएगा.'
PMLA कोर्ट में ED ने क्या कहा?
ईडी की टीम आज़म खान को लेकर गाजियाबाद की PMLA कोर्ट पहुंची थी. अदालत में ईडी ने आज़म खान की गिरफ़्तारी और जौहर यूनिवर्सिटी के लिए जुटाए गए फंड में कथित अनियमितता और मनी ट्रेल की जानकारी दी. एजेंसी ने पूछताछ के लिए 14 दिन की कस्टडी मांगी थी. अदालत ने आजम खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया.
यह भी पढ़ें: आजम खान की दोबारा गिरफ्तारी पर भड़के सपा नेता शिवपाल यादव, बोले- 'सरकार के इशारे पर ED ने की कार्रवाई'
ADVERTISEMENT











