IRCTC का ये टूर पैकेज यूपी वालों को कर देगा खुश! 6N/7D में साउथ इंडिया की ट्रिप हो जाएगी पूरी

उदय गुप्ता

• 02:32 PM • 21 Jul 2026

IRCTC ने सावन के पावन महीने में श्रद्धालुओं के लिए 'दिव्य दक्षिण दर्शन' नाम से 6 रात और 7 दिन का विशेष हवाई टूर पैकेज लॉन्च किया है. यह यात्रा 11 से 17 अगस्त 2026 तक होगी.

UP Tak
Google CTA

IRCTC: सावन का पवित्र महीना हो और दक्षिण भारत के प्रमुख धामों के दर्शन का मौका मिल जाए, तो किसी भी श्रद्धालु के लिए इससे बेहतर आध्यात्मिक अनुभव और क्या हो सकता है. इसी पावन अवसर को खास बनाने के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन यानी IRCTC एक शानदार 'दिव्य दक्षिण दर्शन' हवाई टूर पैकेज लेकर आया है.

यह भी पढ़ें...

IRCTC का स्पेशल टूर पैकेज 6 रात और 7 दिनों का है, जो 11 अगस्त 2026 से शुरू होकर 17 अगस्त 2026 तक चलेगा. इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को मदुरै, पवित्र रामेश्वरम, कन्याकुमारी और तिरुवनंतपुरम के प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थलों की सैर कराई जाएगी. 

सावन में रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग के दर्शन का अनूठा संगम

सावन माह में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व माना गया है. ऐसे में IRCTC का यह पैकेज शिव भक्तों के लिए आस्था और पर्यटन का एक अद्भुत संगम लेकर आया है. इस यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण श्रद्धालुओं को 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक अत्यंत पवित्र श्री रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग के दर्शन और पूजन का अवसर मिलना है.

क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?

हवाई यात्रा से लेकर ठहरने तक, IRCTC ने यात्रियों के आराम का पूरा ध्यान रखा है-

  • फ्लाइट की सुविधा: यात्रियों के लिए लखनऊ से मदुरै जाने और वापसी में तिरुवनंतपुरम से लखनऊ आने की सीधी फ्लाइट व्यवस्था रहेगी.
  • 3-स्टार होटल व खाना: पूरे सफर के दौरान ठहरने के लिए 3-स्टार (थ्री स्टार) होटलों में व्यवस्था होगी, साथ ही खाने-पीने का पूरा इंतजाम पैकेज में शामिल है.

यात्रा के दौरान इन प्रमुख स्थलों का करेंगे भ्रमण

7 दिनों के इस टूर में पर्यटकों को दक्षिण भारत की सांस्कृतिक और प्राकृतिक सुंदरता को करीब से देखने का मौका मिलेगा. 

मीनाक्षी अम्मन मंदिर, थिरुमलाई नायक महल, पझमुदिरचोलै मंदिर, ऐतिहासिक धनुषकोडी, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम स्मारक, सनसेट पॉइंट, विवेकानंद रॉक मेमोरियल, महान तिरुवल्लुवर प्रतिमा, कुमारी अम्मन मंदिर, महात्मा गांधी स्मारक, सुचिन्द्रम मंदिर, प्रसिद्ध पद्मनाभस्वामी मंदिर और वैक्स संग्रहालय.

जानिए कितना होगा किराया?

IRCTC ने कमरे की शेयरिंग के हिसाब से पैकेज की कीमतें तय की हैं.

श्रेणी (Occupancy) प्रति व्यक्ति किराया (₹)
सिंगल (अकेले ठहरने पर) ₹86,750/-
डबल (दो लोगों के साथ रहने पर) ₹64,900/-
ट्रिपल (तीन लोगों के साथ रहने पर) ₹61,600/-
बच्चा (बेड के साथ) ₹50,300/-
बच्चा (बिना बेड) ₹45,600/-

बुकिंग का तरीका: "पहले आओ, पहले पाओ"

IRCTC उत्तरी क्षेत्र, लखनऊ के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया, 

"इस पैकेज की बुकिंग 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर की जा रही है. सावन के महीने में इस टूर के लिए काफी उत्साह देखा जा रहा है, इसलिए इच्छुक यात्री समय रहते अपनी सीट सुरक्षित कर लें."