पिता को एनकाउंटर का डर... देर रात अवधी सिंगर संजय यदुवंशी की तलाश में दीवार फांदकर घर में घुसी सुल्तानपुर पुलिस, क्या है मामला?

सुल्तानपुर में अवधी गायक और चर्चित यूट्यूबर संजय यदुवंशी के घर देर रात पुलिस की दबिश से हड़कंप. दीवार फांदकर घुसी पुलिस, परिजनों ने एनकाउंटर की आशंका जताई. पुलिस ने बताया- दर्ज केस में वांछित हैं संजय.

Photo: Sanjay Yaduvanshi/ FB

Photo: Sanjay Yaduvanshi/ FB

Google CTA

Sultanpur News: सुल्तानपुर में अवधी गायक और चर्चित यूट्यूबर संजय यदुवंशी के घर देर रात पुलिस की दबिश से हड़कंप मच गया. सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी गायक संजय के घर दीवार फांदकर भी दाखिल हुए थे. धम्मौर थाना क्षेत्र स्थित उघड़पुर गांव के अहिरन का पुरवा में अवधी सिंगर के घर पर पहुंची पुलिस टीम संजय को तलाश रही थी, लेकिन वह मौके पर नहीं मिले.

यह भी पढ़ें...

इस दौरान संजय यदुवंशी के घर वालों द्वारा पुलिस पर अभद्रता करने का आरोप लगाने का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया. इस मामले पर संजय यदुवंशी ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर पुलिस आलाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई और सवाल किया है कि आखिर एक सिंगर को अपराधी क्यों बनाया जा रहा है?

संजय ने फेसबुक पोस्ट में कहा, "ये हैं धम्मौर के SHO जो संजय यदुवंशी के घर पर, उसकी गैर मौजूदगी में शराब से धूत रात 12 बजे बोल रहे हैं, संजय चाहिए हमको. संजय किस लिए चाहिए आपको? क्या संजय के खिलाफ कोई गिरफ्तारी का वारेंट है? क्या संजय ने कोई हत्या की है? क्या संजय ने कोई अपहरण किया है? ऐसी कोई गंभीर धारा संजय के ऊपर नहीं है, जिसमें पुलिस इस तरह की बदसुलूकी करे या उसे गिरफ्तार कर सके. ये लोग संविधान के भक्षक बन गए , संविधान के नियम कानून को कुचलते जा रहे हैं- पुलिस की गुंडागर्दी देखो, घर की चारदीवारी कूदकर, परिवार वालों के साथ गाली गलौज बदतमीजी कर रहे हैं. अगर इतना ही गुंडागर्दी करने का शौक है, तो यह कानून की वर्दी उतार के महफिल में आइए. संजय यदुवंशी कोई गैंगस्टर नहीं है, अगर आपको उससे मिलना होता तो दिन में आते, अगर उसके ऊपर कोई मुकदमा है, तो नोटिस भेजते, धीरे धीरे लोगों का कानून से भरोसा उठता जा रहा है, और ये एक उदाहरण है, सुल्तानपुर के उच्चाधिकारियों से निवेदन है - इन पुलिसकर्मियों के ऊपर कठोर से कठोर कार्रवाई करें और इन्हें नौकरी से तत्काल निलंबित करें, नहीं तो मैं लखनऊ मे विधानसभा के सामने धरना प्रदर्शन दूंगा."

संजय के पिता ने जताई ये आशंका

संजय के पिता द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर बताया गया कि पुलिस वाले उनके घर में घुसकर उनके बेटे संजय और उसके बड़े भाई शिवा यादव को तलाश रहे थे. उन्होंने आशंका जताई कि पुलिस उनके बेटों का एनकाउंटर कर सकती है. अगर ऐसा होता है तो पुलिस उसकी जिम्मेदार होगी.

पुलिस ने क्या कहा?

वहीं पुलिस की मानें तो नगर कोतवाली में दर्ज मारपीट और जानलेवा हमले के मुकदमे में संजय यदुवंशी वांछित हैं. इसी मामले में उनके खिलाफ वारंट जारी हुआ था और पुलिस उसी की तामील के लिए घर पहुंची थी.

जफरुल हसन ने क्या तहरीर दी थी?

मामला जफरुल हसन की तहरीर पर दर्ज मुकदमे से जुड़ा है. आरोप है कि उनके बेटे शबीब रजा के साथ मारपीट और जानलेवा हमला किया गया था. पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान संजय यदुवंशी की तलाश की जा रही है.

पुलिस की दबिश के दौरान परिवार और पुलिस के बीच नोकझोंक की बात भी सामने आई. कार्रवाई से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए. इन वीडियो और पोस्ट में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए गए. संजय यदुवंशी की ओर से भी वारंट और पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल किए गए.

हालांकि, पुलिस ने सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे दूसरे आरोपों को असत्य और निराधार बताया है. पुलिस का कहना है कि पूरी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है. इस मामले पर क्षेत्राधिकारी लम्भुआ रितिक कपूर ने पुलिस का पक्ष रखा है. नीचे वीडियो में देखें पुलिस अधिकारी ने क्या कहा. 

ये भी पढ़ें: सुल्तानपुर स्कूल में सरकारी हेडमास्टर मुकेश सिंह और पत्नी विनीता की हत्या के पीछे कौन? आसपास में पड़ा मिला फावड़ा-कुल्हाड़ी