UP Weather: उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई के बीच मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है. मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, कल 6 अक्टूबर को यूपी के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है. पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने 6 अक्टूबर के लिए राज्य के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. ऐसे में लोगों को मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT
इन जिलों में बिजली गिरने का येलो अलर्ट
6 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है. अगर आप इन जिलों में रहते हैं या सफर कर रहे हैं, तो घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें.
पश्चिमी यूपी के जिले: सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत.
पूर्वी यूपी के जिले: लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, कुशीनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर और बलिया.
अगले कुछ दिनों कैसा रहेगा मौसम?
अगर आने वाले दिनों की बात करें, तो 7 से लेकर 9 अक्टूबर तक भी यूपी में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है. 7 और 8 अक्टूबर को भी कुछ जिलों में बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. 9 अक्टूबर से मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है. इसके बाद 10 अक्टूबर को भी छिटपुट और बहुत हल्की बारिश होने के आसार हैं. 11 अक्टूबर से मौसम फिर से पूरी तरह शुष्क होने की संभावना है.
तापमान में क्या होगा बदलाव?
अगले 4 दिनों तक यूपी में दिन के अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिलेगी, जिससे लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिल सकती है. इसके बाद के दिनों में तापमान फिर से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. रात के समय महसूस होने वाले न्यूनतम तापमान में अगले 7 दिनों तक किसी बड़े बदलाव की कोई संभावना नहीं है.
यह भी पढ़ें: आकाश आनंद की बीएसपी में वापसी, मायावती ने फिर बनाया नेशनल कन्वीनर
ADVERTISEMENT











