पश्चिमी यूपी में आफत बनकर बरसेगी बारिश? जानिए मौसम विभाग ने किन-किन जिलों में जारी किया अलर्ट

यूपी तक

• 04:35 PM • 06 Oct 2026

उत्तर प्रदेश में 7 अक्टूबर को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और कहीं-कहीं बिजली गिरने की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी के ज्यादातर हिस्से सूखे रह सकते हैं.

UP Tak
Google CTA

उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. 7 अक्टूबर को पश्चिमी और मध्य यूपी के कई हिस्सों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ सकती है, जबकि पूर्वी यूपी के ज्यादातर जिलों में मौसम शांत और सूखा रहने के आसार हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, दोनों हिस्सों में कुछ जगहों पर गरज के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है.

यह भी पढ़ें...

पश्चिमी यूपी में ज्यादा असर

मौसम विभाग के पश्चिम यूपी कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है. सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, शाहजहांपुर, अलीगढ़, एटा, कासगंज, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरैया और कानपुर देहात समेत आसपास के कई जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. इन इलाकों में कहीं-कहीं बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा.  

पूर्वी यूपी में क्या रहेगा हाल?

पूर्वी यूपी के ज्यादातर जिलों में 7 अक्टूबर को बारिश की संभावना सीमित है. लखीमपुर खीरी से लेकर लखनऊ, रायबरेली और प्रयागराज की तरफ के कुछ इलाकों में स्थानीय स्तर पर मौसम बदल सकता है, लेकिन पूर्वांचल के बड़े हिस्से में बारिश के संकेत नहीं हैं.

गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, देवरिया, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, गोंडा, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, वाराणसी, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली जैसे जिलों में 7 अक्टूबर को व्यापक बारिश का संकेत नहीं है. 

बिजली चमके तो सावधानी जरूरी

7 अक्टूबर को पश्चिमी और पूर्वी दोनों यूपी के लिए कहीं-कहीं मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना दी गई है. मतलब है कि बारिश हर जगह नहीं होगी, लेकिन जिन इलाकों में बादल होंगे वहां अचानक गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है.

8 अक्टूबर तक भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं

मौसम विभाग के अनुसार 8 अक्टूबर को भी पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश/गरज-चमक के साथ बौछार पड़ सकती है. 9 अक्टूबर को बारिश की संभावना बनी रहेगी, हालांकि उस दिन कोई चेतावनी नहीं है. 10 अक्टूबर को दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है.

इसके बाद 11 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने की संभावना बढ़ जाएगी.  इस सप्ताह की शुरुआत में बारिश और गरज-चमक का दौर देखने को मिल सकता है, लेकिन सप्ताह के आखिर तक मौसम धीरे-धीरे साफ होने की तरफ बढ़ेगा.

तापमान में भी आएगा बदलाव

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री की धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है. वहीं अगले सात दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान है.

ये भी पढ़ें - अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने पर धनराज नाथवानी ने क्या कहा? कुछ दिन पहले ही बनाए गए हैं राज्यसभा कैंडिडेट