Amethi Crime News: अमेठी में आंबेडकर प्रतिमा को लेकर बवाल, पथराव में इंस्पेक्टर समेत 4 पुलिसकर्मी घायल; 9 आरोपी गिरफ्तार

Amethi News: अमेठी के रामगंज थाना क्षेत्र के नरहरपुर गांव में आंबेडकर प्रतिमा स्थापित करने को लेकर विवाद हिंसक हो गया. पुलिस और राजस्व टीम पर पथराव में इंस्पेक्टर समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

Newzo

• 04:23 PM • 12 Apr 2026

follow google news

Amethi News: रामगंज थाना क्षेत्र के नरहरपुर गांव में ग्राम समाज की जमीन पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर शनिवार को शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस और राजस्व टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें प्रभारी निरीक्षक समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए. कई ग्रामीणों के भी चोटिल होने की सूचना है.

यह भी पढ़ें...

जानकारी के मुताबिक, कुछ लोग बिना अनुमति के सार्वजनिक भूमि पर प्रतिमा स्थापित कर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे. सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) आशीष सिंह अमेठी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रतिमा को हटवाने की कार्रवाई शुरू की. इसी दौरान मौजूद लोगों ने विरोध करते हुए अचानक पथराव शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद हालात नियंत्रित हुए. घटना के बाद गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
मामले में लेखपाल की तहरीर पर थाना रामगंज में 19 नामजद और करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. 

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए रविवार को पुलिस ने उपद्रव में शामिल 9 आरोपियों—रमेश यादव, ब्रजेश यादव, विजयशंकर यादव, विजय कुमार उर्फ मुन्ना, अखिलेश कुमार कोरी, सूरज कुमार (पुत्र कल्लूराम), सूरज कुमार (पुत्र कमलेश कुमार, निवासी प्रतापगढ़), जगन्नाथ और उमेश कुमार—को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) व सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है.

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना रामगंज में मुकदमा संख्या 40/26 दर्ज किया है. आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है.