Smriti Irani visit Paswan Pasi Family: 8 महीने बाद अमेठी पहुंचीं स्मृति ईरानी, दिवंगत BJP बूथ अध्यक्ष के बच्चों की पढ़ाई का उठाया जिम्मा

Newzo

• 02:43 PM • 27 May 2026

Amethi news: पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने जूठीपुर में दिवंगत बूथ अध्यक्ष पवन पासी के परिजनों से की मुलाकात, चार बच्चों की पढ़ाई की उठाई जिम्मेदारी, पत्नी को हियरिंग मशीन दिलाने का भरोसा.

Amethi News

Amethi News

Google CTA

Smriti Irani in Amethi: बीते दिनों भारतीय जनता पार्टी के जूठीपुर बूथ अध्यक्ष पवन पासी के निधन के बाद बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी शोक संतप्त परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचीं. उन्होंने दिवंगत बूथ अध्यक्ष को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.

यह भी पढ़ें...

इस दौरान स्मृति ईरानी ने दिवंगत पवन पासी के परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया. उन्होंने पवन पासी के चारों बच्चों  तीन बेटियों और एक बेटे  की इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की. इस जिम्मेदारी को उन्होंने गौरीगंज के पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मिश्र को सौंपा.

मुलाकात के दौरान स्मृति ईरानी को जानकारी मिली कि पवन पासी की पत्नी को सुनने में दिक्कत है. इस पर उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि जल्द ही उन्हें हियरिंग मशीन उपलब्ध कराई जाएगी.

स्मृति ईरानी ने कहा कि भाजपा संगठन अपने प्रत्येक कार्यकर्ता के सुख-दुख में साथ खड़ा रहता है. उन्होंने कहा कि पवन पासी पार्टी के समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता थे, जिनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा.

इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. स्मृति ईरानी ने कार्यकर्ताओं से भी परिवार का सहयोग करने और उनका ध्यान रखने की अपील की.

करीब आठ महीने बाद अमेठी पहुंचीं स्मृति ईरानी का यह दौरा पूरी तरह गैर-राजनीतिक बताया जा रहा है. हालांकि, राहुल गांधी के हालिया अमेठी दौरे के बाद उनके आगमन से क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं.