Imran Masood Family Dispute: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद के समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद अब उनके परिवार के भीतर की कलह खुलकर सामने आ गई है. इमरान मसूद के भतीजे हमजा नोमान मसूद ने फेसबुक लाइव के जरिए शायान मसूद और उनके पिता शाहदान मसूद पर गंभीर आरोप लगाए हैं. हमजा ने दावा किया कि उनकी बहन सूफिया मसूद के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई और उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया. वहीं, शायान मसूद ने इन आरोपों का जवाब देते हुए कहा है कि उनके पास भी कई बातों के जवाब और सबूत हैं, लेकिन वह परिवार की निजी बातें सार्वजनिक नहीं करना चाहते.
ADVERTISEMENT
भतीजे ने शायान पर लगाए गंभीर आरोप
हमजा नोमान मसूद ने फेसबुक लाइव में कहा कि उनका परिवार पिछले करीब पांच साल से रिश्तेदारी और सम्मान की वजह से कई बातें सहन कर रहा था. उनका आरोप है कि उनकी बहन सूफिया मसूद के साथ मारपीट की गई, उन्हें गालियां दी गईं और घर से बाहर निकाल दिया गया.
हमजा ने यह भी दावा किया कि उनके पास घर के अंदर की बातचीत और घटनाओं से जुड़ी कई ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि अगर हालात नहीं सुधरे तो वह इन साक्ष्यों को सार्वजनिक करने से पीछे नहीं हटेंगे.
हमजा ने अपने लाइव में कहा कि उनके पिता पिछले सात दिनों से अस्पताल में हैं और जिंदगी-मौत से जूझ रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दौरान परिवार के कुछ लोग राजनीतिक गतिविधियों में लगे हुए हैं.
'सियासत की वजह से मेरी बहन की जिंदगी खराब की'
हमजा नोमान मसूद ने आरोप लगाया कि उनकी बहन को राजनीतिक कारणों से परेशान किया गया. उन्होंने कहा कि परिवार ने पांच साल तक कई बातें इसलिए बर्दाश्त कीं क्योंकि वह इमरान मसूद का लिहाज कर रहे थे.
उनका आरोप है कि उनकी बहन के साथ मारपीट और गाली-गलौज के बावजूद परिवार चुप रहा. हमजा ने यह भी कहा कि उनकी बहन और उसके एक साल के बच्चे की जिम्मेदारी अब उनका परिवार उठाएगा.
उन्होंने शायान पर आरोप लगाते हुए कहा कि बच्चे के खर्च के लिए भी उन्होंने कोई पैसा नहीं दिया. हालांकि, ये सभी आरोप हमजा नोमान मसूद की ओर से लगाए गए हैं.
शायान मसूद बोले- राजनीतिक लड़ाई है तो मैदान में आइए
हमजा के आरोपों पर शायान मसूद ने भी जवाब दिया. उन्होंने कहा कि अगर राजनीतिक लड़ाई लड़नी है तो सामने आकर लड़िए. शायान ने परिवार की निजी बातों को सार्वजनिक करने पर सवाल उठाया. शायान ने दावा किया कि उनके पास भी इन आरोपों का जवाब और सबूत मौजूद हैं, लेकिन वह परिवार की निजी बातों को सार्वजनिक नहीं करना चाहते. उन्होंने कहा कि वह अपने सामने वाले के स्तर तक नहीं गिरेंगे और घर के अंदर बैठकर हर बात का जवाब देंगे. शायान ने यह भी कहा कि यह उनकी पहली और आखिरी वीडियो है. अगर राजनीतिक बात करनी है तो राजनीतिक मैदान में आकर मुकाबला किया जाए.
20 अगस्त को सपा में शामिल हुए थे शायान
बता दें कि 20 अगस्त को शायान मसूद ने कांग्रेस छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थामा था. लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई थी. सपा में शामिल होने के बाद शायान ने इमरान मसूद की राजनीतिक कार्यशैली और विचारधारा पर सवाल उठाए थे. उन्होंने कहा था कि बीजेपी को हराने के लिए उन्हें अखिलेश यादव के साथ खड़ा होना जरूरी लगा. शायान के सपा में जाने के बाद अब परिवार के भीतर आरोप-प्रत्यारोप सामने आए हैं. हालांकि, वीडियो में दी गई जानकारी के मुताबिक अभी तक दोनों पक्षों में से किसी ने भी इस मामले में कानून का दरवाजा नहीं खटखटाया है.
ADVERTISEMENT











