Raksha Bandhan Free Bus: रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा की सुविधा तीन दिनों के लिए और बढ़ा दिया है. अब उत्तर प्रदेश की महिलाएं 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की आधी रात तक मुफ्त बस यात्रा कर सकेंगी.
ADVERTISEMENT
इस दौरान उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में महिलाएं एक साथी के साथ मुफ्त यात्रा कर सकेंगी. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि त्योहार के दौरान महिलाओं को घर पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो और उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए.
27 अगस्त सुबह 6 बजे से शुरू होगी फ्री यात्रा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अपने सरकारी आवास पर रक्षाबंधन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की. इसमें परिवहन निगम और परिवहन विभाग के साथ नगर विकास, पुलिस और ट्रैफिक विभाग के अधिकारी शामिल रहे.
योगी ने निर्देश दिया कि महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा नगर विकास विभाग की 900 से ज्यादा बसों में भी लागू की जाए. इसके साथ ही निजी बसों, ऑटो और टैक्सी चालकों के दस्तावेज और पहचान की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
25 अगस्त तक यूनियनों के साथ बैठक
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में 25 अगस्त तक बस, टैक्सी और ऑटो-टेंपो यूनियनों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि यात्रियों से केवल निर्धारित किराया ही लिया जाए और ओवरलोडिंग पर रोक लगाई जाए.
ड्राइवरों के व्यवहार को लेकर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं. टैक्सी और ई-रिक्शा चलाने वाले ड्राइवरों का सत्यापन कराया जाएगा और केवल सत्यापित एवं सक्षम चालकों को ही वाहन चलाने की अनुमति होगी.
इन शहरों में रहेगी खास तैयारी
रक्षाबंधन पर मथुरा-वृंदावन, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, विंध्याचल-मिर्जापुर और गोरखपुर जैसे प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर विशेष व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं. बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, बाजारों और शहरों के प्रवेश-निकास मार्गों पर भीड़ और ट्रैफिक को देखते हुए पहले से एक्शन प्लान तैयार करने को कहा गया है.
बस अड्डों पर CCTV, पानी और फर्स्ट एड की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने बस स्टेशनों पर CCTV निगरानी, पीने के पानी और साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. स्वास्थ्य विभाग को बस अड्डों पर रक्षाबंधन के दौरान फर्स्ट एड की विशेष व्यवस्था करने को भी कहा गया है. त्योहार के दौरान शहरों, एक्सप्रेसवे, हाईवे और प्रमुख मार्गों पर पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं.
ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार, ज्यादा किराया वसूलने और दूसरी अनियमितताओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने को कहा है. इसके अलावा बिना हेलमेट बाइक चलाने, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने और नशे में ड्राइविंग के खिलाफ भी सख्ती के निर्देश दिए गए हैं. माल ढोने वाले वाहनों और ट्रैक्टरों में अनधिकृत तरीके से यात्रियों को बैठाने पर भी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











