यूपी आ रहे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार,  जानें 2 दिन में छात्रों से मुलाकात और 500 BLO से बातचीत का क्या है प्लान?

यूपी तक

• 08:30 AM • 23 Aug 2026

भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार 24 और 25 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे. वह लखनऊ में छात्रों, निर्वाचन अधिकारियों और करीब 500 बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ संवाद करेंगे.

CEC Gyanesh Kumar UP Visit

CEC Gyanesh Kumar UP Visit (File Photo)

Google CTA

CEC Gyanesh Kumar UP Visit: भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार 24 और 25 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे. वह लखनऊ में छात्रों, निर्वाचन अधिकारियों और करीब 500 बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ संवाद करेंगे. दौरे का मुख्य फोकस चुनावी प्रक्रिया को जमीनी स्तर पर मजबूत करना, युवाओं में निर्वाचन साक्षरता बढ़ाना और बूथ स्तर पर काम करने वाले अधिकारियों से सीधे फीडबैक लेना है.

यह भी पढ़ें...

24 अगस्त को छात्रों से करेंगे सीधा संवाद

मुख्य निर्वाचन आयुक्त 24 अगस्त को निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधिमंडल के साथ लखनऊ पहुंचेंगे. सुबह वह कॉल्विन ताल्लुकेदार्स कॉलेज में विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे. खास बात यह है कि ज्ञानेश कुमार की प्रारंभिक शिक्षा इसी कॉलेज में हुई है. छात्रों से बातचीत के बाद वह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित क्षेत्रीय सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. यहां निर्वाचन अधिकारियों और अन्य प्रतिभागियों के साथ चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी.

लखनऊ में क्षेत्रीय सम्मेलन

लखनऊ में होने वाला क्षेत्रीय सम्मेलन निर्वाचन साक्षरता से जुड़े कार्यक्रमों और ECINET पर केंद्रित रहेगा. इसमें उत्तर प्रदेश के 20 जिलों से करीब 1,500 विद्यार्थी, शिक्षक, प्राचार्य और शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुख शामिल होंगे. इसके लिए 440 शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के भाग लेने की तैयारी है. कार्यक्रम में मतदाता पंजीकरण, मतदान और मतगणना की प्रक्रिया से जुड़े लाइव डेमो भी होंगे. प्रतिभागियों को ECINET के डिजिटल सिस्टम और नए ELC 2.0 पोर्टल की जानकारी भी दी जाएगी.

तीन शहरों में होंगे क्षेत्रीय सम्मेलन

निर्वाचन अधिकारियों के क्षेत्रीय सम्मेलन उत्तर प्रदेश के तीन शहरों लखनऊ, वाराणसी और मेरठ में आयोजित किए जाएंगे. लखनऊ में होने वाला पहला चरण 24 अगस्त को होगा. इन कार्यक्रमों का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर युवाओं और अन्य हितधारकों की समझ बढ़ाना तथा जमीनी स्तर पर चुनावी व्यवस्था को और बेहतर बनाना है.

25 अगस्त को 500 BLO से सीधी बातचीत

दौरे के दूसरे दिन 25 अगस्त को ज्ञानेश कुमार इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में लखनऊ और आसपास के जिलों में तैनात करीब 500 BLO से संवाद करेंगे. बातचीत के दौरान मतदाता सूची प्रबंधन, पंजीकरण और चुनावी सेवाओं से जुड़ी जमीनी चुनौतियों पर चर्चा होगी. अधिकारियों के अनुसार, BLO से मिलने वाला फीडबैक चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सेवाओं को बेहतर बनाने में उपयोगी होगा.