Raksha Bandhan Special Train: रक्षाबंधन के त्योहार पर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं. त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो अलग-अलग स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. इनमें से एक ट्रेन सोगरिया से मथुरा के बीच चलेगी, जबकि दूसरी ट्रेन जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलाई जाएगी. रक्षाबंधन के इस मौके पर जो यात्री इन दोनों ट्रेनों के रूट पर सफर करने की सोच रहे हैं, तो उनके लिए सफर बहुत ही आसान होने वाला है.
ADVERTISEMENT
सोगरिया-मथुरा के बीच स्पेशल ट्रेन
रक्षाबंधन के मौके पर यात्रियों की सुविधा के लिए पश्चिम मध्य रेलवे ने सोगरिया और मथुरा के बीच 24 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक स्पेशल ट्रेन (02921/02922) चलाने जा रहा है. यह ट्रेन रक्षाबंधन के दौरान कुल 7 ट्रिप करेगी, जिससे यात्रियों को ट्रेवल करने में सुविधा होगी.
ट्रेन का पूरा टाइमटेबल
गाड़ी संख्या 02921 सोगरिया-मथुरा स्पेशल ट्रेन सोगरिया से सुबह 8:30 बजे रवाना होगी और दोपहर 2:10 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी. वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 02922 मथुरा जंक्शन से दोपहर 3:30 बजे चलेगी और रात 9:20 बजे सोगरिया पहुंच जाएगी.
जबलपुर-निजामुद्दीन के बीच चलेगी ट्रेन
त्योहार की भीड़ कम करने के लिए दूसरी स्पेशल ट्रेन (01701) जबलपुर और हजरत निजामुद्दीन के बीच चलेगी. यह ट्रेन यूपी के वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, आगरा कैंट, मथुरा जंक्शन और कोसी कलां रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी. यह ट्रेन 29 अगस्त 2026 को दोपहर 3:45 बजे (15:45) जबलपुर से चलेगी और सुबह 9:30 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी.
निजामुद्दीन से वापसी का टाइमटेबल
वापसी में गाड़ी संख्या 01702 हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर स्पेशल ट्रेन 30 अगस्त 2026 को चलेगी. यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से रात 8:20 बजे (20:20) रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 2:25 बजे (14:25) जबलपुर जंक्शन पहुंचेगी. यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल क्लास के डिब्बे लगाए गए हैं.
आधिकारिक स्रोत से लें सही जानकारी
यात्रियों को यह सलाह दी जाती है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले ट्रेन की वर्तमान स्थिति जरूर चेक कर लें. ट्रेन के समय और रूट की बिल्कुल सही और ताज़ा जानकारी के लिए रेलवे की अधिकृत सेवा एनटीईएस (NTES) ऐप/वेबसाइट या रेलवे के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 139 का ही इस्तेमाल करें.
यह भी पढ़ें: संभल से विदाई पर छलके SP केके बिश्नोई के आंसू, ट्रांसफर पर IPS पत्नी अंशिका वर्मा का पोस्ट हुआ वायरल
ADVERTISEMENT











