UP IAS Transfer: यूपी में देर रात कई आईएएस अफसरों के हुए तबादले, काफी लंबे समय तक मुरादाबाद कमिश्नर रहे आंजनेय की जगह किसे मिला यहां नया चार्ज?

संतोष शर्मा

• 08:18 AM • 24 Aug 2026

उत्तर प्रदेश सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं. इस बदलाव में अलीगढ़ और मुरादाबाद के मंडलायुक्त समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं.

UP IAS Transfer 2026

UP IAS Transfer 2026 (Photo AI)

Google CTA

UP IAS Transfer 2026: उत्तर प्रदेश सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं. इस बदलाव में अलीगढ़ और मुरादाबाद के मंडलायुक्त समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं. अलीगढ़ की मंडलायुक्त संगीता सिंह को मुरादाबाद का नया मंडलायुक्त बनाया गया है, जबकि राजस्व परिषद प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) रहे ओम प्रकाश आर्य को अलीगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं मुरादाबाद के मंडलायुक्त रहे आंजनेय कुमार सिंह की प्रतिनियुक्ति समाप्त होने के बाद उन्हें मूल कैडर सिक्किम वापस भेजा गया है.

यह भी पढ़ें...

 संगीता सिंह को मुरादाबाद की जिम्मेदारी

तबादला सूची में सबसे अहम बदलाव मंडलायुक्त स्तर पर हुआ है. संगीता सिंह को अलीगढ़ से हटाकर मुरादाबाद मंडल की कमान दी गई है. उनकी जगह राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) रहे ओम प्रकाश आर्य को अलीगढ़ का मंडलायुक्त बनाया गया है. दोनों अफसरों की नई तैनाती प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

सात एक्सटेंशन के बाद आंजनेय सिंह की विदाई

मुरादाबाद के पूर्व मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह को आठवीं बार प्रतिनियुक्ति विस्तार नहीं मिला. उनकी यूपी में प्रतिनियुक्ति 14 अगस्त को समाप्त हो गई थी और इसके बाद उन्हें मूल कैडर सिक्किम वापस भेज दिया गया. आंजनेय सिंह करीब 2015 से यूपी में तैनात थे और उन्हें कुल सात बार सेवा विस्तार मिला था. वह पूर्व मंत्री आजम खान से जुड़े प्रशासनिक विवाद और कार्रवाई के दौरान भी काफी चर्चा में रहे थे. प्रतिनियुक्ति समाप्त होने के बाद वह अवकाश पर चले गए थे.

यहां देखें पूरी लिस्ट -
 

आयुष, ग्राम विकास और जल निगम में भी बदलाव

गौरी शंकर प्रियदर्शी को महानिदेशक आयुष और मिशन निदेशक, राष्ट्रीय आयुष मिशन बनाया गया है. उनके स्थान पर ग्राम्य विकास विभाग के आयुक्त की जिम्मेदारी प्रमोद कुमार उपाध्याय को दी गई है. वहीं चैत्रा वी को राजस्व परिषद में सदस्य (प्रशासनिक) भेजा गया है. रवींद्र कुमार को उत्तर प्रदेश जल निगम से जुड़ी जिम्मेदारियों से हटाया गया है, जबकि मासूम अली सरवर को राज्य मिशन निदेशक और जल निगम ग्रामीण से संबंधित जिम्मेदारी दी गई है.

नियोजन और सहकारिता विभाग में भी नई तैनाती

डॉ. राजशेखर को सचिव नियोजन विभाग बनाया गया है. योगेश कुमार को प्रबंध निदेशक, जल निगम ग्रामीण की जिम्मेदारी मिली है. कुमार प्रशांत को आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता बनाया गया है, जबकि गुर्राला श्रीनिवासुलु को उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग का सचिव नियुक्त किया गया है. अमृत पाल कौर को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ का संयुक्त प्रबंध निदेशक बनाया गया है. वहीं नवनीत सहारा से इस पद का चार्ज वापस लेकर उन्हें अपर आबकारी आयुक्त के पद पर बनाए रखा गया है.

कई विशेष सचिवों की भी बदली जिम्मेदारी

प्रशासनिक फेरबदल में देवेंद्र पांडे को विशेष सचिव उपभोक्ता मामले विभाग, विवेक श्रीवास्तव को विशेष सचिव पशुधन विभाग और ओम प्रकाश राय को विशेष सचिव उच्च शिक्षा विभाग बनाया गया है. अमृत त्रिपाठी को सदस्य (न्यायिक), राजस्व परिषद प्रयागराज भेजा गया है. इस तबादला सूची के जरिए मंडल स्तर से लेकर कई महत्वपूर्ण विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं.