'किस दो, शादी कर लो फ्लैट भी दिलाऊंगा'... कानपुर में पिता के दोस्त ने बेटी का वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल!

रंजय सिंह

• 01:59 PM • 24 Aug 2026

कानपुर के चमनगंज में एक लड़की ने अपने पिता के दोस्त पर नहाते समय उसका वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने पहले वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे 5 लाख रुपये मांगे.

Kanpur Blackmail Case

Kanpur Blackmail Case (Photo:AI)

Google CTA

Kanpur Blackmail Case: कानपुर के चमनगंज में एक लड़की ने अपने पिता के दोस्त पर नहाते समय उसका वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने पहले वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे 5 लाख रुपये मांगे. डर के चलते उसने एक सोने की चेन और 15 हजार रुपये दिए. आरोप है कि इसके बाद युवक ने उस पर शादी और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया. परेशान होकर लड़की ने मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल से की, जिसके बाद चमनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

यह भी पढ़ें...

पिता के दोस्त के घर आते-जाते थे

पीड़िता चमनगंज की रहने वाली है. उसके पिता होजरी का काम करते थे और शानू उर्फ तौफीक नाम के होजरी कारोबारी से उनकी दोस्ती थी. बताया गया है कि शानू का कारोबार बड़ा था और वह लड़की के घर भी आता-जाता था. परिवार के लोग उसे अंकल कहकर बुलाते थे. लड़की के पिता की बीमारी के चलते मौत हो गई. आरोप है कि इसके करीब कुछ समय बाद शानू ने लड़की को मैसेज कर उसके नहाते हुए वीडियो के वायरल होने की बात कही.

वीडियो वायरल करने की दी थी धमकी

लड़की का आरोप है कि उसने शानू से वीडियो के बारे में जानकारी मांगी तो उसने कहा कि वीडियो उसके परिवार वालों को भेज दिया जाएगा. इसके बदले उसने 5 लाख रुपये की मांग की. लड़की के पास इतनी रकम नहीं थी. आरोप है कि आरोपी ने उससे कहा था कि अगर वह पैसे देने के लिए तैयार है तो घर के बाहर 'ओके' लिखकर कागज टांग दे. इसके बाद लड़की ने एक सोने की चेन और 15 हजार रुपये उसे दे दिए.

'किस दो, शादी कर लो, फ्लैट दिला दूंगा'

पीड़िता के मुताबिक कुछ दिन बाद शानू ने फिर संपर्क किया. आरोप है कि उसने कहा 'मुझे तुम किस दे दो, मैं तुमसे मोहब्बत करता हूं. मैं सब मैनेज कर दूंगा. मैं तुमसे शादी कर लूंगा.' लड़की ने जब उसकी पहली पत्नी होने की बात कही तो आरोप है कि शानू ने कहा 'क्या दो बीवी नहीं रख सकते? मैं तुमको फ्लैट दिलवा दूंगा, उसके बाद तुम्हारी शादी भी करवा दूंगा.' लड़की का कहना है कि इसके बाद आरोपी उसे लगातार परेशान करने लगा.

भाई ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

परेशान होकर लड़की ने आरोपी को बहाने से मोतीझील बुलाया और अपने भाई को पूरी जानकारी दे दी. लड़की के मुताबिक वहां उसके भाई ने शानू को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की. इसके बाद उसे चमनगंज पुलिस के हवाले कर दिया गया. पीड़िता का आरोप है कि चमनगंज चौकी इंचार्ज ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया. इसके बाद शानू ने कथित तौर पर उसे फिर परेशान करना शुरू कर दिया.

कमिश्नर से शिकायत के बाद FIR

इसके बाद लड़की ने पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल से शिकायत की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने चमनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए. पूरे मामले की जांच ACP सीसामऊ को सौंपी गई है. पीड़िता ने शानू के साथ हुई WhatsApp चैट और बातचीत के कई ऑडियो भी पुलिस को सौंपे हैं. पुलिस कमिश्नर के स्टाफ ऑफिसर सुबोध कुमार ने कहा 'पीड़ित लड़की कमिश्नर साहब के यहां पेश हुई थी. पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं और रिपोर्ट दर्ज कर दी गई है. जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.'