Suspended Woman Sub Inspector Anu Kallis News: आपत्तिजनक रील वायरल होने के बाद निलंबित की गईं महिला दरोगा अनु कॉलिस पहली बार सामने आई हैं. शनिवार को उन्होंने यूट्यूब पर लाइव आकर पूरे मामले पर अपनी बात रखी और सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को लेकर सफाई दी. लाइव के दौरान उन्होंने कहा कि वह कई दिनों से कमरे में बंद हैं और इस विवाद की वजह से मानसिक रूप से काफी परेशान हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें जान देने के ख्याल आ रहे हैं. अनु कॉलिस ने लाइव के दौरान अपने कपड़ों को लेकर उठ रहे सवालों पर भी जवाब दिया. उन्होंने कहा 'जो कपड़े मैं घर में पहनती हूं, उनसे मेरे पिता को दिक्कत नहीं है, तो किसी और को क्या शिकायत है?' उन्होंने दावा किया कि उनकी वजह से पुलिस महकमे की छवि धूमिल नहीं हुई है. सरकारी नौकरी को लेकर उन्होंने कहा कि इसे हासिल करना आसान नहीं होता और मौजूदा विवाद ने उन्हें काफी तनाव में डाल दिया है.
ADVERTISEMENT
अमित किल्होर के आरोपों पर भी दी प्रतिक्रिया
महिला दरोगा ने उस सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अमित किल्होर को भी जवाब दिया, जिसकी पोस्ट के बाद उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. अनु कॉलिस ने लाइव के दौरान उनके लगाए आरोपों पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि वह पूरे मामले को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करना चाहती हैं और लगाए गए आरोपों को लेकर जवाब देने के लिए तैयार हैं.
16 अगस्त को हुई थीं निलंबित
बता दें कि 16 अगस्त को पुलिस आचरण नियमावली के उल्लंघन और कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के मामले में तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय के आदेश पर अनु कॉलिस को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था. अनु कॉलिस 2023 बैच की यूपी पुलिस की दरोगा हैं. वह मेरठ के रोहटा और ब्रह्मपुरी थाने में तैनात रह चुकी हैं.
एसपी क्राइम कर रहे पूरे मामले की जांच
निलंबन से पहले अनु कॉलिस एसएसपी कार्यालय में तैनात थीं. फिलहाल पूरे मामले की जांच एसपी क्राइम अवनीश कुमार कर रहे हैं. निलंबन के बाद पहली बार सामने आई अनु कॉलिस की प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. उन्होंने लाइव के दौरान खुद को जांच के लिए तैयार बताया और कहा कि वह किसी भी जांच में सहयोग करेंगी.
ADVERTISEMENT











