Ajay Rai Fish Feast Controversy: उत्तर प्रदेश में मछली को लेकर सियासत तेज हो गई है. अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के स्वागत में आयोजित मछली भोज को लेकर बीजेपी के हमले के बीच अब अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खुली चुनौती दी है. उन्होंने कहा कि अगर उनकी मछली खाते हुए एक भी तस्वीर सामने आ जाए तो वह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे देंगे. साथ ही उन्होंने कहा कि अगर ऐसी तस्वीर नहीं मिलती है तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए.
ADVERTISEMENT
मछली भोज पर बीजेपी ने उठाए सवाल
अयोध्या में अजय राय के स्वागत के लिए निषाद समाज की ओर से मछली भोज का आयोजन किया गया था. इस कार्यक्रम को लेकर बीजेपी हमलावर है. बीजेपी की ओर से सावन के दौरान मछली भोज आयोजित करने को लेकर सनातन धर्म के अपमान का आरोप लगाया जा रहा है. वहीं कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों पर सवाल उठाए हैं. इसी विवाद के बीच अजय राय ने साफ कहा कि वह निषाद समाज के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे और उन्होंने मछली खाने की बात से इनकार किया है.
अजय राय ने CM योगी के लिए क्या कहा
अजय राय ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों पर कहा, "अगर मेरी एक तस्वीर मछली खाते हुए सामने आए तो प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दूंगा और अगर बीजेपी को तस्वीर नहीं मिली तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस्तीफा दें." उन्होंने कहा कि अगर उनके मछली खाते हुए कोई फोटो है तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उसे जारी करें. अजय राय ने दावा किया कि ऐसा फोटो सामने आने पर वह तत्काल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ देंगे.
अजय राय ने बीजेपी पर साधा निशाना
अजय राय ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, "बीजेपी पूरी तरह से इस देश को बर्बाद करने का काम कर रही है. इनके राष्ट्रीय अध्यक्ष आंध्र प्रदेश में मुर्गा खा रहे हैं, फोटो वायरल हो रहे हैं तो कह रहे हैं कटहल खा रहे हैं." उन्होंने आगे कहा कि दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश में कटहल इस तरह नहीं खाया जाता, बल्कि उसे फल के रूप में खाया जाता है. अजय राय ने कहा कि वह बाबा विश्वनाथ के भक्त हैं और उन्होंने बाबा का चंदन भी लगाया हुआ है.
अजय राय ने कहा 'निषाद समाज के कार्यक्रम में मैं गया था, उनकी परंपरा में है, मछली पकड़ना और खाना. मैं केवल कार्यक्रम में सम्मिलित होने गया था. निषादराज ने भगवान राम की मदद की थी, बीजेपी वाले देखें.' उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी का एक मंत्री बिना लहसुन-प्याज के मछली खाने की बात कह रहा है और इसे वेज बता रहा है. अजय राय ने कहा कि समाज उन्हें बुलाएगा तो वह कार्यक्रम में जरूर जाएंगे.
'मछली खाते हुए फोटो दिखा दें, हम इस्तीफा दे देंगे'
अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फिर चुनौती देते हुए कहा 'अगर मेरी कोई फोटो है मछली खाते हुए तो मुख्यमंत्री योगी जारी कर दें. मैं प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दूंगा. योगी के अंदर थोड़ी भी गैरत है तो तत्काल उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ेगा.' उन्होंने कहा कि उनका बाबा विश्वनाथ में विश्वास है और "हर हर महादेव होता रहेगा हमारा." अजय राय ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा 'इनके राष्ट्रीय अध्यक्ष की तरह झूठ नहीं बोलता, मुर्गा खा कर कटहल बता दो. मछली खाते हुए फोटो दिखा दें, हम इस्तीफा दे देंगे.' अयोध्या के मछली भोज को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधे राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में बदल गया है.
ADVERTISEMENT











