कानपुर में खुद को बीजेपी नेता बताने वाले कृष्णा पांडे ने 16 साल की लड़की संग 19 बार किया रेप, क्या है असली कहानी?

Kanpur Crime News: कानपुर में खुद को पूर्व बीजेपी कार्यकर्ता बताने वाले युवक पर 16 साल की छात्रा संग शादी का झांसा देकर 19 बार रेप करने का आरोप लगाया है. आरोपी ने पीड़िता के पहचान पत्र में फर्जीवाड़ा कर उसे होटलों में ले जाकर शोषण किया.

Kanpur Crime News

रंजय सिंह

14 Apr 2026 (अपडेटेड: 14 Apr 2026, 05:30 PM)

follow google news

Kanpur Crime News: उत्तर प्रदेश के कानपुर के नजीराबाद थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां खुद को बीजेपी का सोशल मीडिया प्रभारी बताने वाले एक युवक अनुभव उर्फ कृष्णा पांडे पर 16 साल की एक नाबालिग छात्रा के साथ 19 बार रेप करने का गंभीर आरोप लगा है. आरोप है कि युवक ने न सिर्फ छात्रा को शादी का झांसा देकर प्रेम जाल में फंसाया बल्कि नाबालिग होने के बावजूद होटल में कमरा लेने के लिए उसके आधार कार्ड में जन्मतिथि के साथ फर्जीवाड़ा भी किया. पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.

यह भी पढ़ें...

अश्लील वीडियो बनाकर एक साल तक किया शोषण

पीड़िता के अनुसार, कृष्णा पांडे सोशल मीडिया के जरिए उससे मिला था. आरोपी ने पहले उसे शादी का झांसा दिया और एक होटल में ले जाकर उसके साथ गलत काम किया. पहली बार में ही आरोपी ने छात्रा का अश्लील वीडियो बना लिया. इसके बाद वह उस वीडियो के जरिए छात्रा को ब्लैकमेल करने लगा और एक-एक करके करीब 19 बार उसे अलग-अलग होटलों में ले जाकर शारीरिक शोषण किया. विरोध करने पर वह वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था.

आधार कार्ड में जालसाजी और होटल मैनेजर की भूमिका

छात्रा नाबालिग थी. इसलिए होटल में प्रवेश के लिए आरोपी ने उसके आधार कार्ड के साथ छेड़छाड़ कर जन्मतिथि बदल दी ताकि वह उसे बालिग दिखा सके. छात्रा का आरोप है कि होटल मैनेजर ने भी उसे धमकाया और आरोपी का साथ दिया. डीसीपी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि नाबालिग को कमरा कैसे दिया गया. होटल के सीसीटीवी फुटेज और रजिस्टर कब्जे में लिए गए हैं.

परिजनों पर दबंगई और धमकी का आरोप

जब छात्रा ने अपनी मां को आपबीती सुनाई, तो पीड़िता की मां आरोपी के घर पहुंची. आरोप है कि कृष्णा के पिता, भाई और चाचा ने पीड़िता के परिवार को धमकाया और जान से मारने की बात कही. पीड़िता की मां ने बताया 'हमने हाथ-पैर जोड़े कि बात कर लीजिए. लेकिन उन्होंने हमें ही गलत ठहरा दिया.' मां की तहरीर पर पुलिस ने कृष्णा पांडे, होटल मैनेजर समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है.

बीजेपी ने झाड़ा पल्ला

आरोपी खुद को बीजेपी नजीराबाद मंडल का सोशल मीडिया प्रभारी बताता था. हालांकि, मामले के तूल पकड़ने पर बीजेपी शहर अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने स्पष्ट किया कि उक्त युवक को पहले ही पार्टी से निकाला जा चुका है और वह वर्तमान में बीजेपी का सदस्य नहीं है.

पुलिस की कार्रवाई

डीसीपी अतुल श्रीवास्तव के अनुसार, मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है और अब 164 के तहत कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे. पुलिस इस मामले में धोखाधड़ी और रेप की धाराओं के साथ-साथ आधार कार्ड में की गई जालसाजी की भी विस्तृत विवेचना कर रही है.