Mathura News: मथुरा नगर निगम द्वारा 'अतिक्रमण अभियान' के तहत अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई. नगर निगम के सह नगर आयुक्त राकेश त्यागी की मौजूदगी में यह अभियान शहर के प्रमुख इलाकों में चलाया गया. राकेश त्यागी ने बताया कि डीग गेट से लेकर चौक बाजार, होली गेट होते हुए विकास मार्केट और क्वालिटी चौराहे तक यह अभियान चलाया गया.
ADVERTISEMENT
इस दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया और दुकानदारों व ठेला संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा न करें. अधिकारियों ने साफ कहा कि सड़कें आम जनता के लिए हैं और इन्हें अवरुद्ध करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. वहीं, अभियान के दौरान एक बड़ी समस्या विकास मार्केट में सामने आई जहां फास्ट फूड की ठेलियों के पीछे नालियों में भारी मात्रा में कचरा जमा मिला. इस गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है.
नगर निगम की टीम ने मौके पर सफाई व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए और ठेला संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने की सख्त हिदायत दी. अब देखना होगा कि नगर निगम इस समस्या को लेकर आगे क्या ठोस कदम उठाता है और क्या शहर को अतिक्रमण और गंदगी से राहत मिल पाती है या नहीं.
ADVERTISEMENT









