Dimple Yadav in Vrindavan: वृंदावन के केसी घाट में नाव पलटने से हुए हादसे में 10 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं अभी भी 5 लोग लापता बताए जा रहे हैं. इस बीच शनिवार को समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव वृंदावन में दर्शन करने पहुंची. इस दौरान डिंपल यादव ने विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में पूजा-अर्चना की. दर्शन के बाद मीडिया से बात करते हुए सांसद डिंपल यादव यमुना हादसे का जिक्र कर भावुक हो गईं. उन्होंने व्यवस्थाओं को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया.
ADVERTISEMENT
बांके बिहारी मंदिर में विधि-विधान से पूजा
सांसद डिंपल यादव ने मंदिर के गर्भगृह के सामने माथा टेका और आराध्य के दर्शन किए. इस दौरान मंदिर के गोस्वामी समाज द्वारा उन्हें माला, प्रसादी और अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया. उनके आगमन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे. वहीं सपा कार्यकर्ताओं ने भी अपनी नेता का जोरदार स्वागत किया. मंदिर की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए उन्होंने हाई पावर्ड कमेटी के प्रयासों की सराहना की.
नाव हादसे पर जताया गहरा दुख
दर्शन के बाद मीडिया से बात करते होते हुए डिंपल यादव ने केसी घाट पर हुए नाव हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताया, उन्होंने कहा कि 'श्रद्धालु बड़ी आस्था और श्रद्धा के साथ वृंदावन आते हैं. लेकिन उनके साथ ऐसा हादसा होना बहुत पीड़ादायक है. मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने इस हादसे में अपनों को खोया है.' बता दें कि इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है और 5 लोग अब भी लापता हैं.
सांसद ने सीधे तौर पर इस हादसे के लिए प्रशासनिक चूक और नावों की ओवरलोडिंग को जिम्मेदार ठहराया. इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि शासन की जिम्मेदारी है कि वह सुनिश्चित करे कि ऐसी लापरवाही दोबारा न हो. अगर नावों में क्षमता से अधिक लोग बैठेंगे तो भविष्य में भी ऐसे हादसों का खतरा बना रहेगा.सरकार को बेहतर सुरक्षा इंतजाम करने चाहिए ताकि किसी भी श्रद्धालु को अपनी जान न गंवानी पड़े.
ADVERTISEMENT









