Mathura Road News: शाहपुर रोड की बदहाल स्थिति ग्रामीणों के लिए नासूर बन गई है. सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मार्ग पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है. बारिश के बाद सड़क ने तालाब का रूप ले लिया है. इसी जलभराव और गड्ढों के बीच से गुजरने के दौरान राहगीर और स्कूली बच्चे आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं. इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से समस्या के समाधान को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है.
ADVERTISEMENT
सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है. स्कूल जाने वाले बच्चे रोजाना जलभराव वाले रास्ते से होकर गुजरने को मजबूर हैं. कई बार पानी में छिपे गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं. इससे उनकी स्कूल ड्रेस खराब हो जाती है और कई बार चोट लगने के कारण उन्हें स्कूल से भी छुट्टी करनी पड़ती है.
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से शाहपुर रोड की हालत खराब है, लेकिन संबंधित विभाग का इस ओर कोई ध्यान नहीं है. सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के साथ बारिश का पानी भी जमा रहता है.जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या और गंभीर हो गई है.
जलभराव से संक्रमण का भी खतरा
ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क पर लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है. इससे आसपास रहने वाले लोगों में संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है. जलभराव के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है, वहीं दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी यह मार्ग हादसे का सबब बन रहा है.
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द शाहपुर रोड की मरम्मत कराने और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था किए जाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है.
ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर शाहपुर रोड का यह ‘दरिया’ कब खत्म होगा और कब बदलेगी सड़क की तस्वीर?
ADVERTISEMENT











