Mathura Congress Protest: प्रदेश में बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, किसानों को खाद की समस्या और स्मार्ट मीटर के नाम पर कथित लूट समेत विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने सोमवार को महावन तहसील पर प्रदर्शन किया. कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील का घेराव कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.
ADVERTISEMENT
प्रदर्शनकारी कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता महावन स्थित पशु पैंठ पर एकत्रित हुए. यहां से पैदल मार्च करते हुए तहसील पहुंचे और विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया.
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि प्रदेश में महंगाई चरम पर है. रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतें बढ़ने से गरीब, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है. उन्होंने सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि खरीफ की फसल की बुवाई और रोपाई के समय किसानों को यूरिया और डीएपी खाद की जरूरत है, लेकिन खाद के लिए किसानों को लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है और इसके बावजूद पर्याप्त खाद नहीं मिल पा रही है.
उन्होंने स्मार्ट मीटर को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई जगहों से मीटर तेज चलने की शिकायतें सामने आ रही हैं. इसके चलते उपभोक्ताओं को अधिक बिजली बिल का भुगतान करना पड़ रहा है. पहले से महंगाई की मार झेल रहे आम उपभोक्ताओं के लिए यह अतिरिक्त परेशानी है.
मुकेश धनगर ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर सामने आए आरोपों पर भी सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि मंदिर में चढ़ावे से जुड़े मामले पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए. साथ ही उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों में दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया.
पूर्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम वाल्मीकि ने राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े मामले और छात्रों पर कथित कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जनता इन मुद्दों पर सरकार से जवाब मांग रही है.
कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक अध्यक्ष पंकज चौधरी ने किया.तहसील घेराव कार्यक्रम में बलवीर प्रधान, हाकिम सिंह छोकर, शैलेंद्र चौधरी, टिंकू धनगर, राजा गौतम, राजकुमार तिवारी, राजेश सारस्वत, दीपक आर्य, मनोज गौड़, अप्रतिम सक्सैना, पुष्पेंद्र चौधरी, पीर मोहम्मद, विपुल पाठक, हारुन, सुखदेव चौधरी, नेम सिंह, धर्मेंद्र प्रधान, अमित दीक्षित, दीपक दीक्षित, गौरांग अग्रवाल, हाशिम हुमेंर, करन निषाद, गीता दिवाकर, भगवान सिंह, दीपक सिंह, अजीम शाह, अनिल खरे, अमर प्रताप, शरीक कुरैशी, हुंकार सिंह, होरी लाल, कोमल सिंह, जितेंद्र धनगर, राजकुमार सिंह, ब्रज बिहारी लाल, दिलशाद खान और राजेश कुमार समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT











