अगर आप अक्सर हाईवे से गुजरते हैं और टोल प्लाजा पर गंदे शौचालय देखकर परेशान होते हैं तो अब आपका यही गुस्सा आपको फायदा करा सकता है. 1,000 रुपये का फ्री FASTag रिचार्ज मिलेगा... भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने 'स्वच्छता ही सेवा 2026' अभियान के तहत एक खास पहल की है, जिसका नाम है #CleanToiletPictureChallenge.
ADVERTISEMENT
इस अभियान को 30 जून 2027 तक के लिए बढ़ा दिया गया है. NHAI का सीधा मकसद हाईवे सुविधाओं में स्वच्छता और स्वच्छता मानकों को सुधारना है. देखा गया है कि टोल प्लाजा पर शौचालय गंदे मिलते हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी होती है. एनएचआई इसी दिक्कत को दूर करने के लिए नया अभियान लेकर आया है.
एक फोटो और ₹1,000 का FASTag रिचार्ज!
सफर के दौरान अगर आपको किसी NHAI टोल प्लाजा पर गंदा या बदहाल शौचालय दिखता है तो आपको बस अपने फोन से उसकी एक फोटो लेनी है. NHAI ऐसे यात्रियों को शिकायत सही पाए जाने पर पूरे ₹1,000 का FASTag रिचार्ज इनाम के रूप में दे रहा है.
NHAI का मानना है कि इस पहल से न केवल नेशनल हाईवे पर स्वच्छता के स्तर में सुधार होगा, बल्कि आम यात्रियों की यात्रा भी पहले से कहीं अधिक आरामदायक और सुगम बन सकेगी.
ऐसे लें इस चैलेंज में हिस्सा
सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में गूगल प्ले स्टोर या ऐपल ऐप स्टोर से RajmargYatra App का लेटेस्ट वर्जन डाउनलोड करें. टोल प्लाजा पर गंदा शौचालय दिखने पर ऐप के जरिए उसकी जियो-टैग्ड फोटो कैप्चर करें.
ऐप में अपना नाम, लोकेशन, गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करें. आपकी भेजी गई फोटो और जानकारी की NHAI द्वारा जांच की जाएगी. शिकायत सही पाए जाने पर आपके अकाउंट में 1,000 रुपये का FASTag क्रेडिट ट्रांसफर कर दिया जाएगा.
ADVERTISEMENT











