मथुरा में समाजवादी पार्टी के अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश महासचिव राजन रिजवी की मुश्किलें बढ़ गई हैं. एक महिला बैंक कर्मचारी को व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज भेजने और अपने रसूख का झांसा देकर फंसाने के गंभीर आरोप में उनके खिलाफ थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपी सपा नेता ने महिला को 'भैया जी' की सिफारिश पर डेपुटेशन के आधार पर आईएएस बनवाने का लालच दिया था. मामला तूल पकड़ते ही पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है जिसके बाद से आरोपी नेता फरार है.
ADVERTISEMENT
बैंक में मुलाकात के बाद हासिल किया नंबर
जानकारी के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश महासचिव राजन रिजवी की मुलाकात पीड़िता से एक बैंक के दौरान हुई थी. इसी दौरान किसी तरह सपा नेता ने महिला बैंक कर्मी का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया. इसके बाद आरोपी ने महिला के व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक और अश्लील मैसेजेस भेजने शुरू कर दिए.
'भैया जी' के नाम पर IAS बनवाने का लालच
महिला को अपने जाल में फंसाने के लिए सपा नेता ने अपनी राजनीतिक पहुंच का रौब झाड़ा. आरोपी राजन रिजवी ने महिला से कहा कि उसकी 'भैया जी' से सीधी बातचीत है और वह सिफारिश करवाकर उसे डेपुटेशन के आधार पर सीधे आईएएस बनवा सकता है. इस फर्जी वादे और लालच के सहारे आरोपी महिला पर अनैतिक दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था.
पीड़ित महिला की शिकायत पर मथुरा के थाना कोतवाली में पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम की धारा 67 के तहत केस दर्ज कर लिया है. कोतवाली प्रभारी विनोद बाबू मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है. एफआईआर दर्ज होने की भनक लगते ही सपा नेता राजन रिजवी फरार हो गया है. पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं.
फोन बंद कर सपा नेता हुआ गायब
घटना के सामने आने के बाद जब सपा के अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश महासचिव राजन रिजवी से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कई बार फोन बजने के बाद भी कॉल रिसीव नहीं की. फिलहाल इस हाई-प्रोफाइल व्हाट्सएप चैट और सपा नेता की करतूत की चर्चा पूरे क्षेत्र में फैली हुई है.
ADVERTISEMENT











