लखनऊ के सआदतगंज में तीन लोगों की हत्या के मामले में आरोपियों के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की गई है. लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने मकान को सील करने के बाद उसकी बाउंड्रीवॉल गिरा दी. प्राधिकरण का कहना है कि मकान का निर्माण बिना स्वीकृत नक्शे के किया गया था. कार्रवाई के दौरान इलाके में कुछ लोगों ने ‘योगी बाबा जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए.
ADVERTISEMENT
कार्रवाई सोमवार, 26 अक्टूबर को कार पार्किंग के विवाद में तीन लोगों की हत्या के बाद हुई. मृतकों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पदाधिकारी शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र तिवारी और शिवेंद्र के बेटे सुयश तिवारी शामिल थे. घटना के बाद से इलाके में तनाव है और बीजेपी व आरएसएस के कार्यकर्ता आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
पहले मकान सील किया, फिर गिराई बाउंड्रीवॉल
LDA के अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने बताया कि प्राधिकरण ने पहले आरोपियों के मकान को सील किया और उसके बाद उसकी बाउंड्रीवॉल गिराई. उन्होंने कहा कि मकान का बिल्डिंग प्लान मंजूर नहीं कराया गया था. इसी आधार पर प्राधिकरण ने कार्रवाई की.
परिवार के लोगों और स्थानीय प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के मकान को बुलडोजर से गिराने की मांग की थी. उनका आरोप था कि मकान नजूल की जमीन पर कब्जा करके बनाया गया है. हालांकि, LDA की ओर से बताई गई कार्रवाई की वजह मकान का नक्शा स्वीकृत नहीं होना है.
तीन लोगों की हत्या के बाद बढ़ा था आक्रोश
सआदतगंज के ब्राह्मणी टोला में सोमवार सुबह खाली प्लॉट पर कार खड़ी करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था. आरोप है कि इसी दौरान गोलीबारी की गई, जिसमें शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र तिवारी (55) और शिवेंद्र के बेटे सुयश तिवारी (30) की मौत हो गई.
शिवाजी तिवारी RSS में लखनऊ के जिला सह-कार्यवाह थे. घटना के बाद बीजेपी और आरएसएस कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने पूरे थाने के स्टाफ को हटाने, आरोपियों को मौत की सजा देने और उनके मकान को गिराने की मांग की.
छह लोगों की गिरफ्तारी, दो पुलिसकर्मी निलंबित
पुलिस ने मंगलवार को मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी. गिरफ्तार लोगों में ऋषभ शुक्ला, सतीश शुक्ला, गिरीश कुमार शुक्ला, दिनेश शुक्ला उर्फ छुन्ना, प्रिया शुक्ला और अदिति शुक्ला शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, ऋषभ के पास से एक अवैध पिस्टल, छह जिंदा कारतूस और दो मैगजीन बरामद हुईं. अदिति के पास से आईफोन-17 भी मिला.
घटना के बाद सआदतगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्य और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी अजय कुमार चौरसिया को निलंबित कर दिया गया. पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है.
ब्रजेश पाठक ने परिवार को दिया कार्रवाई का भरोसा
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मंगलवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. उन्होंने कहा कि सरकार परिवार के साथ है और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की कोशिश की जाएगी. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई, परिवार को जीवनभर सुरक्षा, एक सदस्य को नगर निगम में अधिकारी स्तर की नौकरी और मृतक की बेटी की पढ़ाई का खर्च उठाने का आश्वासन भी दिया.
ये भी पढ़ें- लखनऊ में ट्रिपल मर्डर के बाद परिवार की 4 मांगें, डिप्टी सीएम ने क्या-क्या देने का भरोसा दिया?
ADVERTISEMENT











