यूपी में होमगार्ड भर्ती के अभ्यर्थी योगेंद्र सिंह की हुई हत्या? पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से बदल गई मौत की पूरी कहानी

यूपी तक

• 06:15 PM • 21 Sep 2026

Yogendra Singh Murder Case: राजधानी लखनऊ में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थी योगेंद्र सिंह की मौत हुई थी. पुलिस ने पहले इसने सामान्य दौड़ लगाने के कारण हुई मौत बताया था. हालांकि अब इस मामले की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें बहुत बड़ा खुलासा हुआ है.

UP Tak
Google CTA

Yogendra Singh Murder Case: राजधानी लखनऊ में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थी योगेंद्र सिंह की मौत हुई थी. पुलिस ने पहले इसने सामान्य दौड़ लगाने के कारण हुई मौत बताया था. हालांकि अब इस मामले की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें बहुत बड़ा खुलासा हुआ है. रिपोर्ट के अनुसार सीतापुर निवासी अभ्यर्थी योगेंद्र सिंह की मौत दौड़ लगाने से नहीं हुई है, बल्कि उनके गले में 250 मिलीलीटर की छोटी बोतल फंसने के कारण दम घुटने से हुई है. इतना ही नहीं, रिपोर्ट में ये भी खुलासा हुआ है कि मृतक के शरीर पर 12 जगह चोट के निशान मिले हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुए इस खुलासे के बाद मृतक के भाई ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय विशेष टीम का गठन कर दिया है.

यह भी पढ़ें...

गले में बोतल फंसने से दम घुटा

मंगलवार को लखनऊ के 35वीं वाहिनी पीएसी ग्राउंड में होमगार्ड भर्ती की दौड़ चल रही थी. इसी दौरान सीतापुर के रामकोट मढ़िया रहीमपुर निवासी योगेंद्र सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. शुरुआत में पुलिस ने इसे सामान्य मौत बताया था. लेकिन 18 सितंबर को इस मामले की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई  जिसने सभी को चौंका दिया है. रिपोर्ट के अनुसार, योगेंद्र की मौत दम घुटने से हुई है. यह मौत गले में 250 मिलीलीटर की एक छोटी सी प्लास्टिक की बोतल फंसने से हुई है.

शरीर पर मिले चोट के 12 निशान

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में एक और बड़ा खुलासा हुआ है जिसके मुताबिक मृतक योगेंद्र के शरीर के 12 अलग-अलग जगहों पर चोट के निशान मिले हैं. चोट के निशान मिलने से इस बात की भी आशंका बढ़ गई है कि मौत से पहले योगेंद्र के साथ मारपीट भी हुई थी.

भाई ने दर्ज कराया हत्या का मुकदमा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुए खुलासे के बाद मृतक के भाई कमल किशोर ने शनिवार को महानगर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है. कमल किशोर ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने पहले भाई की मौत को सामान्य मौत बताकर मामले को साइड कर दिया था. भाई कमल किशोर ने आरोप लगाया है कि योगेंद्र के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और साजिश के तहत उनके मुंह में जबरन पानी की बोतल ठूंसी गई, जिससे उनका दम घुट गया और मौत हो गई. इसके साथ ही उन्होंने पीएसी ग्राउंड के सीसीटीवी फुटेज चेक करने की भी मांग की है.

पुलिस ने जांच के लिए बनाई टीम

मृतक के भाई की शिकायत के बाद पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. एसीपी महानगर अंकित कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पांच अधिकारियों की एक विशेष टीम बनाई गई है. पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के तथ्यों के साथ-साथ अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है.

यह भी पढ़ें: ब्रेकअप के बाद स्कूल पहुंचा सऊद, Ex-गर्लफ्रेंड टीचर फातिमा को मार दी गोली, फिर आगे जो हुआ उससे मच गई चीख-पुकार!