Mathura Kanwar Yatra 2026: सावन मास के प्रथम सोमवार को कांवड़ यात्रा को सकुशल और व्यवस्थित संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सोमवार को अलीगढ़-हाथरस सीमा से जुड़े कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
ADVERTISEMENT
दोपहर करीब 12 बजे डीएम चंद्रप्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार का काफिला बिचपुरी चौकी पहुंचा. यहां अधिकारियों ने अलीगढ़ और हाथरस की ओर से आने वाले कांवड़ मार्गों की व्यवस्थाओं की जानकारी ली. इसके बाद दोनों अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों तक पहुंचकर मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया.
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि सावन के प्रथम सोमवार को प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. इसे देखते हुए कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं. विभिन्न विभागों के अधिकारी संयुक्त रूप से मार्गों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मार्ग के किनारे पेड़ों की छंटाई, साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. स्वास्थ्य विभाग की टीमों, एंबुलेंस और अन्य चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई.
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की निगरानी और कांवड़ियों की सहायता के लिए लगाए गए शिविरों की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया. अधिकारियों ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और श्रद्धामय वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे बिना किसी असुविधा के जलाभिषेक और दर्शन कर सकें.
ADVERTISEMENT











