उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले से चुनावी रंजिश में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. सदर कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के भगठान (गोसाईंपुर) गांव में चुनावी रंजिश को लेकर 35 वर्षीय पहलवान ब्रह्मानंद यादव पर उनके ही पाटीदारों ने जानलेवा हमला कर दिया. हमलावरों ने पहले पहलवान की आंखों में मिर्च पाउडर डाला, फिर उन्हें बाइक से गिराकर कुल्हाड़ी, धारदार हथियार और लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया. गंभीर हालत में इलाज के दौरान ब्रह्मानंद की मौत हो गई.
ADVERTISEMENT
आंखों में झोंका मिर्च पाउडर, फिर धारदार हथियारों से किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगठान गोसाईंपुर गांव निवासी 35 वर्षीय ब्रह्मानंद पहलवान बाइक से जा रहे थे. परिजनों का आरोप है कि रास्ते में गांव के ही 8 से 10 पाटीदारों ने उन्हें घेर लिया. हमलावरों ने पहले ब्रह्मानंद की आंखों में मिर्ची पाउडर फेंक दिया, जिससे वे असंतुलित होकर बाइक से गिर पड़े. इसके बाद दबंगों ने उन पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार कर दिए. गंभीर रूप से घायल पहलवान को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
आक्रोशित परिजनों ने खलीलाबाद बाईपास पर शव रख लगाया जाम
पहलवान ब्रह्मानंद यादव की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. बेकाबू परिजनों ने शव को खलीलाबाद बाईपास पर रखकर सड़क जाम कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे. घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर और सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
पुलिस अधीक्षक का बयान: 3 टीमें गठित, कुछ आरोपी हिरासत में
घटना के संबंध में संतकबीरनगर के पुलिस अधीक्षक (SP) संदीप कुमार मीणा ने बताया कि पाटीदारों के बीच आपसी विवाद और पुरानी चुनावी रंजिश को लेकर यह वारदात हुई है. एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिनकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है. बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 3 विशेष टीमें गठित की गई हैं. जल्द ही सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
ADVERTISEMENT











