भोजपुरी सिनेमा पर अपनी अदाकारी का जादू चलाने के बाद अभिनेत्री काजल राघवानी अब रियलिटी शो की दुनिया में तहलका मचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. काजल जल्द ही बेहद चर्चित और बहुप्रतीक्षित रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल सीजन 2' में नजर आएंगी. मेकर्स द्वारा उनकी आधिकारिक एंट्री का ऐलान होते ही फैंस के बीच जबरदस्त बज बन गया है. बड़े पर्दे पर अपने अभिनय से दिल जीतने वाली काजल को इस माइंड गेम और पावर स्ट्रगल में रणनीति बनाते देखना दर्शकों के लिए एक बिल्कुल नया और रोमांचक अनुभव होगा.
ADVERTISEMENT
क्या है राइज एंड फॉल शो का फॉर्मेट?
'राइज एंड फॉल' का दूसरा सीजन सत्ता, असमान सुविधाओं और माइंड गेम्स के इर्द-गिर्द बुना गया है. शो में प्रतियोगियों को दो अलग-अलग हिस्सों में बांटा जाता है. रूलर्स आलीशान पेंटहाउस में रहते हैं और उन्हें सभी शाही सुविधाएं मिलती हैं. वहीं वर्कर बेसमेंट में सीमित साधनों और कठिन चुनौतियों के बीच जिंदगी बिताते हैं.
इस शो की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां कोई भी स्थायी राजा या प्रजा नहीं है. सही रणनीति, चालबाजियों और वक्त के खेल से पल भर में बेसमेंट वाला पेंटहाउस पहुंच सकता है और पेंटहाउस वाला सड़क पर आ सकता है.
स्टारडम से परे माइंड गेम
कैमरे के सामने एक्टिंग करने और रियल लाइफ स्ट्रेटेजी गेम खेलने में जमीन-आसमान का फर्क होता है. इस शो में सिर्फ काजल का स्टारडम या पॉपुलैरिटी काम नहीं आएगी. यहां पल-पल बदलते माहौल में तुरंत कड़े और रणनीतिक फैसले लेने होंगे. काजल को यह तय करना होगा कि किस पर भरोसा करना है, किसके साथ सीक्रेट एलायंस बनाना है और कब अपने हक के लिए अकेले खड़े होना है.
तेज प्रताप यादव की एंट्री से बढ़ा शो का पारा
काजल राघवानी की ग्लैमरस एंट्री के साथ-साथ बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की इस शो में एंट्री सबसे बड़ी हाइलाइट बन गई है. अपने इंट्रो वीडियो में अपने देसी और बेबाक अंदाज में तेज प्रताप ने कहा 'जब हम रास्ते में लड़खड़ाए तो लोगों ने हमारा मजाक बनाया. लेकिन वे भूल गए कि हम बरगद के पेड़ की तरह हैं जिसकी जड़ें उसकी शाखाओं से भी ज्यादा मजबूत हैं. इसीलिए हम राइज एंड फॉल सीजन 2 में तूफान मचाने आ रहे हैं.'
एक तरफ जहां बिहार की सियासत का चर्चित चेहरा तेज प्रताप यादव अपनी बेबाकी से शो में तड़का लगाएंगे. वहीं दूसरी तरफ भोजपुरी स्टार काजल राघवानी का दिमाग और ग्लैमर इस शो के तापमान को कई गुना बढ़ाने वाला है. देखना दिलचस्प होगा कि काजल बेसमेंट से पेंटहाउस तक का सफर अपनी रणनीति के दम पर कैसे तय करती हैं.
ADVERTISEMENT











