रियलिटी शो 'धमाल विद पति-पत्नी और पंगा जोड़ियों का रियलिटी चेक' में सारा ध्यान सेलिब्रिटी कपल्स की केमिस्ट्री और उनकी नोक-झोंक पर रहता है. लेकिन शो के 'सास-मां' स्पेशल एपिसोड ने वहां मौजूद हर शख्स को भावुक कर दिया. इस शो में जब भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी अपनी 94 साल की मां और पत्नी के साथ पहुंचे तो माहौल बेहद खास हो गया. इस दौरान मनोज तिवारी ने साझा किया कि कैसे उनकी मां द्वारा बताए गए एक छोटे से गाने ने उनकी पूरी जिंदगी बदल दी और उन्हें फर्श से अर्श तक पहुंचाकर सुपरस्टार बना दिया.
ADVERTISEMENT
जिस गाने ने दी पहचान, मां ने ही सिखाया था वही सुर
मनोज तिवारी ने शो के दौरान अपने शुरुआती दिनों का एक बेहद खास किस्सा शेयर किया. उन्होंने बताया कि जब वे गायकी के क्षेत्र में कदम रख रहे थे, तब उनकी मां ने ही उन्हें मां दुर्गा का पारंपरिक भजन 'निमिया के दरिया से' गाने की सलाह दी थी. मां के सिखाए इसी गाने ने उनके करियर को ऐसा टर्निंग पॉइंट दिया कि वे रातों-रात घर-घर में मशहूर हो गए. मनोज तिवारी के मुताबिक, इसी गीत ने उन्हें भक्ति संगीत से जोड़ा और गायकी की दुनिया में एक बड़ा मुकाम दिलाया.
सेट पर मां संग शेयर किया खास पल
'धमाल विद पति पत्नी और पंगा' के सेट पर मनोज तिवारी अपनी मां का हाथ थामे नजर आए. उन्होंने बेहद गर्व से मीडिया से परिचय कराते हुए कहा, 'ये हमारी मां हैं और ये 94 साल की हैं.'
इसके बाद उन्होंने अपनी मां के साथ मिलकर लाइव वही पुराना सुपरहिट भक्ति गीत गुनगुनाया. 94 साल की उम्र में अपनी मां को बेटे के साथ सुर से सुर मिलाते देख सेट पर मौजूद हर शख्स भावुक हो गया.
मनोज तिवारी का अपनी मां के प्रति गहरा लगाव किसी से छिपा नहीं है. इससे पहले मार्च 2026 में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर उन्होंने ‘ममता की छांव’ नाम से एक खास भक्ति गीत रिलीज किया था. इस गीत में उन्होंने जन्म देने वाली मां को ही देवी जगदंबा के नौ रूपों का प्रतीक बताया था. इसे शेयर करते हुए उन्होंने लिखा था 'ममता भी तू, शक्ति भी तू, मां भी तू, जगदंबा भी तू... यह कहानी सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि हर उस बेटे की है जिसके लिए उसकी मां ही उसकी पूरी दुनिया है.'
ADVERTISEMENT











