शांत सुबह और अचानक गोलियों की गूंज... 26 अक्टूबर की सुबह करीब 4:30 बजे, जब हर तरफ नींद का पहरा था तब भोजपुरी सिंगर अभिषेक सिंह के घर के बाहर कुछ ऐसा हुआ जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया. अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर और उनकी गाड़ी को तहस-नहस कर सनसनी फैला दी. इस खतरनाक हमले के बाद से संगीत जगत में हड़कंप मचा हुआ है और सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
सुबह-सुबह 4:30 बजे मची खलबली
घटना 26 अक्टूबर 2026 की भोर करीब 4:30 बजे की है. अभिषेक सिंह अपने घर के अंदर गहरी नींद में सो रहे थे तभी अचानक बाहर से कांच टूटने की आवाज और गालियों की गूंज सुनाई दी. आवाज सुनकर जैसे ही उनकी आंख खुली और वे बाहर आए, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. घर के बाहर खड़ी उनकी काली स्कॉर्पियो गाड़ी पर हमला किया गया था. हमलावरों ने गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और उस पर जमकर ईंट-पत्थर बरसाए. गनीमत यह रही कि हमले के वक्त गाड़ी के अंदर कोई नहीं था वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था.
मौके से मिले गोलियों के खोखे और पुलिस की एंट्री
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के तीन खाली खोखे (कारतूस) बरामद किए हैं. पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि आखिर इस खौफनाक वारदात के पीछे किन लोगों का हाथ है और इसके पीछे की असली वजह क्या है.
सहकर्मी पर गंभीर आरोप और पुरानी रंजिश
इस पूरे मामले में सिंगर अभिषेक सिंह ने भोजपुरी इंडस्ट्री के ही एक अन्य सिंगर शिवकुमार विक्कू पर गंभीर आरोप लगाए हैं. अभिषेक का दावा है कि शिवकुमार के साथ उनका पुराना विवाद चल रहा था.उनके मुताबिक, कार्यक्रमों के दौरान दोनों के बीच निजी टिप्पणियां और पेशेवर मुकाबले को लेकर तनाव था. अभिषेक का यह भी आरोप है कि उन्हें पहले ही सार्वजनिक तौर पर धमकी दी गई थी कि उनके घर आकर पांच राउंड गोलियां चलाई जाएंगी. हालांकि इन आरोपों पर अभी शिवकुमार का पक्ष आना बाकी है और पुलिस स्वतंत्र रूप से इसकी पुष्टि कर रही है.
सोशल मीडिया पर मचा बवाल और CCTV फुटेज का दावा
घटना के तुरंत बाद अभिषेक सिंह ने इंस्टाग्राम पर अपनी क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो का वीडियो शेयर किया, जिसे देखकर हमले की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है. इसके साथ ही उन्होंने एक पोस्ट शेयर कर दावा किया कि उनके हाथ फायरिंग का CCTV फुटेज लग चुका है और वे जल्द ही इसे सबके सामने उजागर करेंगे. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, 'हमारा शक बिल्कुल सही था, अब समाज और प्रशासन कार्रवाई करेगी... बहुत गलत किए हो, जो भी किए.' फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद ही इस राज से पूरी तरह पर्दा उठ पाएगा.
ये भी पढ़ें: टीवी की नागिन पर फिदा हुए पवन सिंह! पावरस्टार ने प्रियंका चाहर चौधरी को दिया बड़ा ऑफर
ADVERTISEMENT











