पवन सिंह ने अक्षरा सिंह से मांगी माफी, क्या साथ नजर आएगी भोजपुरी सिनेमा की यह मशहूर जोड़ी?

यूपी तक

• 12:42 PM • 21 Oct 2026

भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने मुंगेर के स्टेज शो में अक्षरा सिंह और उनके माता-पिता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी. साथ ही दोनों की ऑन-स्क्रीन वापसी के संकेत दिए जिससे फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया है. हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है.

Akshara Singh and Pawan Singh

Akshara Singh and Pawan Singh

Google CTA

भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं. मुंगेर में हुए एक स्टेज शो के दौरान पवन सिंह ने भोजपुरी गायिका और अभिनेत्री अक्षरा सिंह से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है. इतना ही नहीं उन्होंने मंच से फैंस के सामने इस जोड़ी की ऑन-स्क्रीन वापसी को लेकर भी संकेत दिए जिसके बाद से ही सोशल मीडिया पर कयासों का बाजार गर्म हो गया है.

यह भी पढ़ें...

शो में पवन सिंह ने मांगी माफी

मंच से बोलते हुए पवन सिंह ने अक्षरा सिंह के माता-पिता का सम्मान करते हुए कहा कि माता-पिता से बड़ा कोई नहीं होता. उन्होंने अक्षरा के पिता को 'भाई' और मां को 'भाभी' कहकर संबोधित किया. पवन सिंह ने कहा कि यदि उनकी वजह से अक्षरा जी के माता-पिता को कोई दुख पहुंचा हो या कुछ गलत हुआ हो तो वे हाथ जोड़कर और दिल से इसके लिए माफी मांगते हैं.

ऑन-स्क्रीन वापसी को लेकर क्या बोले पावर स्टार?

शो के दौरान पवन सिंह ने वहां मौजूद भारी भीड़ और फैंस से मुखातिब होते हुए पूछा कि क्या वे इस जोड़ी को दोबारा पर्दे पर देखना चाहते हैं? दर्शकों की तरफ से सकारात्मक और जोरदार सहमति मिलने पर पवन सिंह ने ऐलान किया कि 'बहुत जल्द देखा जाएगा' जिससे उनके फैंस की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं.

फैंस में उत्साह और भविष्य के सवाल

पवन सिंह के इस कदम और उनके बयानों के बाद से दोनों कलाकारों के फैंस बेहद खुश और उत्साहित नजर आ रहे हैं. हालांकि अभी तक दोनों की तरफ से किसी नए प्रोजेक्ट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. लेकिन इस माफीनामे और मंच पर दिए गए संकेतों के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह सुपरहिट जोड़ी सचमुच पर्दे पर वापसी करती है या नहीं.
 

ये भी पढ़ें: भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह पर कोर्ट ने लगाया ₹3000 का जुर्माना, ज्योति सिंह के साथ तलाक का है मामला