भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह पर कोर्ट ने लगाया ₹3000 का जुर्माना, ज्योति सिंह के साथ तलाक का है मामला
ADVERTISEMENT
Pawan Singh Jyoti Singh Divorce Case: बलिया फैमिली कोर्ट में भोजपुरी स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के तलाक व भरण-पोषण मामले की सुनवाई हुई. पवन सिंह के अदालत में पेश न होने पर कोर्ट ने उन पर 3,000 रुपये का जुर्माना लगाया है.
Pawan Singh Jyoti Singh Divorce Case: भोजपुरी फिल्मों के पावर स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहा तलाक और भरण-पोषण का मामला एक बार फिर चर्चा में है. बलिया की फैमिली कोर्ट में इस केस की सुनवाई हुई, जिसमें ज्योति सिंह तो अदालत पहुंचीं, लेकिन पवन सिंह एक बार फिर हाजिर नहीं हुए. कोर्ट में पेश न होने पर अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए पवन सिंह पर 3000 रुपये का जुर्माना लगाया है. पति के बार-बार कोर्ट न आने से नाराज ज्योति सिंह ने आरोप लगाया है कि पवन सिंह अदालत का मजाक बना रहे हैं. उन्होंने यह भी साफ कर दिया है कि अगर यहां से उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वह सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगी.
कोर्ट में नहीं आए पवन सिंह
बलिया फैमिली कोर्ट में सुनवाई के दौरान पवन सिंह के वकील ने अदालत में उनकी मां की बीमारी का हवाला देते हुए मेडिकल दस्तावेज जमा किए. हालांकि, ज्योति सिंह ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उनकी सास तो अगले ही दिन अस्पताल से डिस्चार्ज हो गई थीं. ज्योति ने आरोप लगाया कि पवन जानबूझकर तारीखों पर नहीं आ रहे हैं और उन्होंने कोर्ट को मजाक समझ लिया है. उनका कहना है कि पवन को लगता है कि सब कुछ उनके ही हाथ में है.
सुप्रीम कोर्ट तक जाने की चेतावनी
ज्योति सिंह ने मीडिया से बातचीत में साफ किया कि वह शुरू से ही पवन सिंह के साथ रहना चाहती हैं. लेकिन अगर बात अलग होने की आती है, तो वह अपने भविष्य के लिए भरण-पोषण की मांग जरूर करेंगी क्योंकि उनकी भी जिंदगी खराब हुई है. ज्योति ने चेतावनी देते हुए कहा कि इस कानूनी लड़ाई को लड़ते हुए चार साल का लंबा समय बीत चुका है. अगर यहां फैमिली कोर्ट से कोई सही नतीजा नहीं निकलता है, तो वह न्याय के लिए सीधे सुप्रीम कोर्ट जाएंगी.
समझौते और मध्यस्थता पर हुई बात
ज्योति सिंह के वकील ने बताया कि पवन सिंह की तरफ से एकमुश्त रकम देकर मामले को सुलझाने का एक आवेदन दिया गया है. अदालत में अब दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता कराने की बात चल रही है. ज्योति के वकील का कहना है कि वे बातचीत और मध्यस्थता के लिए पूरी तरह से तैयार हैं, ताकि पति-पत्नी के बीच कोई सही तालमेल बन सके. अदालत ने पवन सिंह पर जुर्माना लगाते हुए मामले की अगली सुनवाई के लिए 12 नवंबर की तारीख तय की है.
