गोरखपुर, 21 अक्टूबर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन का आयोजन किया. लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और निस्तारण के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए. जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सबकी समस्या का समाधान करते हुए जन कल्याण और नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाना सरकार का संकल्प है. सरकार के इस संकल्प के अनुरूप हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए.
ADVERTISEMENT
गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की. मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक वह खुद पहुंचे और एक-एक कर सबकी समस्याएं सुनीं. सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए संकल्पित है.
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले, कमजोरों को उजाड़ने वाले किसी भी सूरत में बख्शे न जाएं. उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए. यदि जमीन जायदाद से जुड़ा विवाद पारिवारिक हो तो संबंधित पक्षों को बैठाकर आपसी संवाद से निस्तारण कराया जाए. राजस्व व पुलिस से जुड़े मामलों को मुख्यमंत्री ने पूरी पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ निस्तारित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए. हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी मदद की जाए. जो लोग किन्हीं कारणों से सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित हैं, उन्हें इसका लाभ दिलाया जाए.
मुख्यमंत्री के समक्ष जनता दर्शन में कुछ लोग उपचार के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे. सीएम योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार उपचार के लिए भरपूर मदद करेगी. उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि उपचार से जुड़ी एस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए. इसके साथ ही उन्होंने इलाज में सहायता के लिए आए लोगों से आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा. न होने की दशा में उन्होंने हर जरूरतमंद का आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया. जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ आई थीं. मुख्यमंत्री ने इन बच्चों को खूब पढ़ने के लिए प्रेरित किया और चॉकलेट देते हुए प्यार व आशीर्वाद दिया.
यह भी पढ़ें- पुलिस स्मृति दिवस पर CM योगी का बड़ा संदेश, बोले- नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं
सीएम ने की गोसेवा, बच्चों पर लुटाया प्यार
बुधवार सुबह परंपरागत दिनचर्या के अनुरूप मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर परिसर में भ्रमण करते हुए गोशाला पहुंचे. यहां उन्होंने गोवंश के माथे पर हाथ फेरा, पीठ थपथपाकर उन्हें खूब दुलारा और अपने हाथों से रोटी-गुड़ खिलाया. मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान परिजनों के साथ आए बच्चों पर भी खूब प्यार लुटाया. बच्चों को अपने पास बुलाकर आत्मीय संवाद किया, चॉकलेट दी और उन्हें खूब पढ़ने का आशीर्वाद दिया. इस दौरान उन्होंने बच्चे का अन्नप्राशन भी कराया.
ADVERTISEMENT











