बॉलीवुड की चमक-धमक और भक्ति का अनोखा संगम पटना की पावन धरती पर देखने को मिला. हाल ही में बॉलीवुड एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा, अभिनेत्री तमन्ना भाटिया अपनी अपकमिंग फिल्म 'वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट के प्रमोशन' के सिलसिले में पटना पहुंचे थे. इस दौरान पूरी स्टारकास्ट ने प्रसिद्ध महावीर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की. स्टार्स ने संकटमोचन हनुमान जी का आशीर्वाद लिया जहां मंदिर प्रशासन की ओर से उनका भव्य स्वागत और सम्मान भी किया गया.
ADVERTISEMENT
महावीर मंदिर में पूजा और मिला सम्मान
फिल्म प्रमोशन के लिए पटना पहुंचे सितारों का भक्तिभाव फैंस के दिलों को छू गया. पटना जंक्शन स्थित ऐतिहासिक महावीर मंदिर पहुंचे सिद्धार्थ मल्होत्रा, तमन्ना भाटिया और एकता कपूर ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर फिल्म की सफलता की कामना की. पूजा के बाद श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायन कुणाल ने निर्माता एकता कपूर, तमन्ना भाटिया और सिद्धार्थ मल्होत्रा को मंदिर की विशेष कॉफी टेबल बुक और रामनामा भेंटकर सम्मानित किया.
कॉलेज इवेंट में गानों पर थिरके युवा
महावीर मंदिर में दर्शन से पहले फिल्म की स्टारकास्ट पटना के एक निजी कॉलेज के कार्यक्रम में पहुंची. सिद्धार्थ और तमन्ना ने फिल्म के रोमांटिक ट्रैक 'समझना' पर धमाकेदार डांस परफॉर्मेंस दी जिसे देखकर वहां मौजूद हजारों छात्र-छात्राएं और युवा दर्शक भी झूम उठे.
'वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' का बिहार कनेक्शन
फिल्म की टीम का यह दौरा केवल औपचारिक प्रमोशन तक सीमित नहीं रहा बल्कि इसका गहरा नाता बिहार की लोक संस्कृति से जुड़ा है. फिल्म की कहानी बिहार के एक रहस्यमई जंगल और वहां प्रचलित लोक कथाओं पर आधारित बताई जा रही है. कहानी में बिहार की समृद्ध संस्कृति और महान लोकपर्व छठ पूजा की खूबसूरत झलकियां देखने को मिलेंगी.
फिल्म के बिहार कनेक्शन के तहत टीम ने बिहटा के कंचनपुर गांव स्थित मां वनदेवी महाधाम में भी हाजिरी लगाई. हालांकि सिद्धार्थ और तमन्ना वहां उपस्थित नहीं थे. लेकिन निर्माता एकता कपूर और निर्देशक दीपक शर्मा समेत टीम के अन्य सदस्यों ने मां वनदेवी के दरबार में मत्था टेका और मंदिर समिति से सम्मान प्राप्त किया.
25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म
एक्शन, थ्रिल और सस्पेंस से भरपूर इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया के अलावा मनीष पॉल, श्वेता तिवारी, सुनील ग्रोवर और अनूप सोनी जैसे मंझे हुए कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. एकता कपूर के बैनर तले बनी यह फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है.
ADVERTISEMENT











