Mathura News: मथुरा के राया थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का खेल लगातार जारी है. लेकिन जिम्मेदार विभाग इस पर पूरी तरह मौन नजर आ रहा है. क्षेत्र में रात होते ही खनन माफिया सक्रिय हो जाते हैं और जेसीबी मशीनों व डंपरों के माध्यम से बड़े पैमाने पर मिट्टी का खनन किया जा रहा है. स्थानीय निवासी राजकुमार चौधरी का आरोप है कि जब रात में अधिकारी चैन की नींद सो रहे होते हैं. उसी दौरान खनन माफिया धरती का सीना चीरने में जुटे रहते हैं. यह अवैध खनन कार्य रात भर चलता है, जिससे न केवल सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ रही हैं, बल्कि पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है.
ADVERTISEMENT
खनन के दौरान उड़ने वाली धूल-मिट्टी से राहगीरों और आसपास के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार उड़ती धूल के कारण सांस संबंधी दिक्कतें बढ़ रही हैं और सड़कों पर चलना भी मुश्किल हो गया है. ग्रामीण राजकुमार चौधरी, जयवीर, पूरन सिंह आदि का कहना है कि कई बार उपजिलाधिकारी, क्षेत्रीय अधिकारियों और जिला प्रशासन से शिकायत की गई. लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. आरोप है कि खनन माफिया शिकायतकर्ताओं को धमकाकर और दबाव बनाकर मामलों को दबा देते हैं जिससे उनके हौसले और बुलंद हो रहे हैं.
लोगों में प्रशासन की इस उदासीनता को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि क्षेत्रवासियों को उड़ती धूल और उससे होने वाली बीमारियों से राहत मिल सके. वहीं, एक शिकायतकर्ता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उन्होंने खनन अधिकारी को फोन कर अवैध खनन की शिकायत की. लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.
इससे विभागीय उदासीनता साफ झलकती है और ऐसा प्रतीत होता है कि खनन माफियाओं को खुली छूट मिली हुई है. इस संबंध में खनन इंचार्ज अक्षय कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी.
ADVERTISEMENT









