Vrindavan boat accident death toll: वृंदावन के केसी घाट पर हुए दर्दनाक नाव हादसे में एक नया अपडेट सामने आ गया है. इस हादसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर अब 10 हो गया है. बता दें कि इस नाव में 25 लोग सवार थे. यमुना नदी में डूबे लोगों को निकालने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है. डीआईजी ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पुष्टि की है कि रेस्क्यू टीम ने अब तक 10 शव बरामद कर लिए हैं.जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
ADVERTISEMENT
पांटून पुल से टकराने के कारण हुआ हादसा
नाव हादसे में सवार सभी लोग पंजाब के बताए जा रहे हैं जो वृंदावन घूमने के लिए आए थे. ये लोग दोपहर में 2 बजे स्टीमर बोट में बैठे और 2.30 बजे के आसपास ही ये घटना हो गई. डीआईजी शैलेश कुमार पांडे ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, नाव यमुना नदी के बीच बने पीपा पुल से टकरा गई थी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नाव का बैलेंस बिगड़ गया और उसमें सवार करीब 25 लोग गहरे पानी में समा गए. अब तक 10 डेड बॉडीज रिकवर की जा चुकी हैं. उन्होंने आगे बताया कि NDRF और SDRF की टीमें भी अपने नियत स्थान से रवाना हो चुकी हैं और जल्द ही मौके पर पहुंचकर ऑपरेशन की कमान संभालेंगी.
घायलों का चल रहा इलाज
प्रशासन ने बताया कि जो लोग जीवित निकाले गए हैं उन्हें तत्काल मेडिकल सहायता उपलब्ध कराते हुए एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया गया है. मौके पर मेडिकल टीम, पुलिस और प्रशासन के विभिन्न विभाग समन्वय बनाकर काम कर रहे हैं. अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी लापता लोगों को ढूंढ लिया जाएगा. हादसे के बाद घाट पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रशासन की प्राथमिकता अब नदी में लापता अंतिम व्यक्ति को खोजने की है.
ADVERTISEMENT









