Amethi Gas Cylinder Case: अमेठी में गैस सिलेंडर की लाइन में लगी 10 साल की बच्ची बेहोश, अव्यवस्था पर फूटा लोगों का गुस्सा

Amethi News Today: अमेठी के संग्रामपुर में गैस सिलेंडर की लाइन में घंटों खड़ी 10 वर्षीय बच्ची भीषण धूप और उमस के कारण बेहोश होकर गिर पड़ी. इस घटना से ग्रामीणों में वितरण व्यवस्था को लेकर भारी नाराजगी है.

Amethi News

Newzo

• 06:59 PM • 10 Apr 2026

follow google news

Amethi News Today: अमेठी जिले में रसोई गैस वितरण की अव्यवस्था एक बार फिर उजागर हुई है. संग्रामपुर ब्लॉक से करीब एक किलोमीटर पहले स्थित मां कालिका मैरिज लॉन में गैस सिलेंडर लेने के लिए लगी लंबी कतार में खड़ी 10 वर्षीय पारुल अग्रहरि अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.बताया जा रहा है कि पारुल सुबह से ही लाइन में खड़ी थी. 

यह भी पढ़ें...

तेज धूप, उमस और भारी भीड़ के बीच वह घंटों अपनी बारी का इंतजार करती रही. लंबे समय तक खड़े रहने और थकान के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़ी. बच्ची के गिरते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभाला और पानी पिलाकर होश में लाने का प्रयास किया. काफी देर तक होश न आने पर परिजनों को सूचना दी गई. 

मौके पर पहुंचे परिजन बच्ची की हालत देख घबरा गए और उसे तुरंत इलाज के लिए ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया. फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस सिलेंडर लेने के लिए रोजाना इसी तरह लंबी-लंबी कतारें लगती हैं. महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों तक को कड़ी धूप में घंटों खड़ा रहना पड़ता है. लोगों का आरोप है कि समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो रही और वितरण स्थल दूर होने से समस्याएं और बढ़ गई हैं।

घटना के बाद क्षेत्रीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखने को मिली. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु किया जाए और नजदीकी स्थानों पर वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके.