Mathura Eid violence: कोसीकलां क्षेत्र के गांव नगला मेव में ईद की नमाज अदा कर लौट रहे बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें एक युवक की मौत हो गई. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी आसू और उसके भाई नबाब के बच्चे नमाज अदा कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में इदरीश के बच्चों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. बच्चों के बीच शुरू हुआ विवाद बढ़ते-बढ़ते गंभीर रूप ले बैठा. बच्चों ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए.
देखते ही देखते करीब 10 से 15 लोग इकट्ठा हो गए और पहले कहासुनी, फिर मारपीट शुरू हो गई. आरोप है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. मारपीट के दौरान नबाब के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा. परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल अस्पताल ले गए जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. उपचार के दौरान नबाब की मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला. पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है.
ADVERTISEMENT









