एक अलग मजहब का प्यार और सगे भाइयों ने पिता संग मिल घोंट दिया बहन का गला! बरेली की वारदात परेशान कर देगी!

Bareilly Crime News: उत्तर प्रदेश के बरेली में ऑनर किलिंग का मामला. दूसरे धर्म के युवक से प्रेम प्रसंग के कारण पिता और दो भाइयों ने 18 साल की बेटी की गला दबाकर हत्या की. श्मशान घाट से पुलिस ने बरामद किया शव.

Bareilly Crime News

उत्तर प्रदेश के बरेली से ऑनर किलिंग का बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक मासूम लड़की की जिंदगी की डोर को किसी और ने नहीं, बल्कि उसके पिता और सगे भाइयों ने काट डाला. जिस बेटी की अर्थी उठते देख पिताओं का कलेजा कांप जाता है, उसी बेटी को मौत की नींद सुलाकर पिता और भाई उसके खौफनाक राज को हमेशा के लिए दफन करने श्मशान घाट पहुंच गए थे. लेकिन ऐन वक्त पर पहुंची पुलिस ने इस गुनाह पर से पर्दा उठा दिया.

यह भी पढ़ें...

यह खौफनाक वारदात बरेली के थाना सिरौली क्षेत्र की है. यहां रहने वाले महेंद्र की 18 साल की बेटी क्रांति का गांव के ही दूसरे धर्म के एक युवक से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह उसी से शादी करने की जिद पर अड़ी थी. बीती 24 मई को पिता महेंद्र ने क्रांति को उसके प्रेमी से फोन पर बात करते हुए रंगे हाथों सुन लिया था. इसके बाद गुस्से में पिता ने न सिर्फ उसका मोबाइल छीन लिया, बल्कि उसकी बेरहमी से पिटाई भी की. आरोप है कि बीते मंगलवार की रात को पिता और उसके दो बेटों ने मिलकर क्रांति की गला दबाकर हत्या कर दी.

चोरी-छिपे अंतिम संस्कार की तैयारी, पुलिस ने फेर दिया पानी

हत्याकांड को अंजाम देने के बाद पिता महेंद्र ने पूरे गांव में यह झूठी कहानी फैला दी कि उसकी बेटी क्रांति की रात में अचानक किसी बीमारी की वजह से मौत हो गई है. परिवार वाले इस राज को हमेशा के लिए छिपाने के इरादे से बिना किसी को सूचना दिए बेहद गुपचुप तरीके से शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे. इसी बीच किसी ग्रामीण ने इस संदिग्ध मौत की भनक स्थानीय पुलिस को दे दी. सूचना मिलते ही सिरौली थाना पुलिस भारी बल के साथ सीधे श्मशान घाट की तरफ दौड़ पड़ी और जलने से ठीक पहले शव को अपने कब्जे में ले लिया.

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ढह गई बीमारी की मनगढ़ंत कहानी

पुलिस ने जब शव का पंचनामा भरकर उसका पोस्टमॉर्टम कराया, तो आरोपियों की बनाई गई मनगढ़ंत कहानी ताश के पत्तों की तरह ढह गई. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह पूरी तरह साफ हो गया कि क्रांति की मौत किसी बीमारी से नहीं, बल्कि गला घोंटे जाने के कारण दम घुटने से हुई है. मृतका के गले पर कसने के गहरे निशान पाए गए, जिससे यह साफ हो गया कि यह सीधे तौर पर ऑनर किलिंग का मामला है.

चाचा की तहरीर पर पिता और दोनों भाई हिरासत में

इस पूरी वारदात के सामने आने के बाद मृतका क्रांति के सगे चाचा की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्यारे पिता महेंद्र और मृतका के दोनों भाइयों आकाश व अमन के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है.

इस मामले पर क्षेत्राधिकारी (CO)अजय कुमार ने बताया कि थाने पर संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवती की मौत की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके का मुआयना कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया. मृतका के चाचा की शिकायत पर केस दर्ज कर तीनों मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और मामले से जुड़े अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं.