दूल्हा हत्याकांड के आरोपी भोले-शोले राजभर को बचा रहे ओम प्रकाश राजभर? इन आरोपों को सुनकर मंत्री ने कह दी एनकाउंटर वाली बात

OP Rajbhar Reaction: जौनपुर दूल्हा हत्याकांड में बढ़ते विवाद के बीच मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने आरोपों पर सफाई दी है. उन्होंने कहा कि किसी अपराधी को संरक्षण नहीं दिया जा रहा. पुलिस फरार आरोपियों भोले राजभर और प्रदीप बिंद की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है.

OP Rajbhar

राजीव कुमार

• 02:28 PM • 28 May 2026

follow google news

OP Rajbhar Reaction: जौनपुर में दूल्हा हत्याकांड का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. इस मामले में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश रवि यादव के एनकाउंटर के बाद मृतक आजाद बिंद के परिजन बाकि आरोपियों के एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं. हालांकि इस मामले में रवि यादव के परिजन भोले और शोले राजभर को बचाने का आरोप पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर पर लगा रहे हैं. इस मामले को बढ़ता देख अब ओमप्रकाश राजभर का बयान सामने आया है. मीडिया से बात करते हुए ओपी राजभर ने कहा कि 'अपराधियों को संरक्षण देने का सवाल ही नहीं उठता, पुलिस अपना काम कर रही है और अपराधियों को ढूंढने के लिए पुलिस के पास कोई जादुई मशीन नहीं होती. उन्होंने फरार आरोपियों के खिलाफ भी उसी सख्ती से कार्रवाई की बात कही है.

यह भी पढ़ें...

ओमप्रकाश राजभर से पूछे गए ये सवाल

ओमप्रकाश राजभर से पत्रकारों ने पूछा कि रवि यादव का एनकाउंटर हो गया लेकिन भोले राजभर और प्रदीप बिंद अब तक फरार हैं. परिवार का आरोप है कि उन्हें राजनीतिक और जातीय संरक्षण मिल रहा है, इस पर आप क्या कहेंगे? इसपर ओपी राजभर ने कहा कि 'ऐसी कोई बात बिल्कुल नहीं है.हम लोग भी पूरी तरह यही चाहते हैं कि जिसने भी इतना बड़ा और जघन्य अपराध किया है, उस अपराधी को उसके किए की सख्त से सख्त सजा मिलनी ही चाहिए. यूपी पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ इस मामले में लगी हुई है. हर संभावित ठिकानों पर छानबीन की जा रही है जिस दिन भी वो लोग (भोले राजभर और प्रदीप बिंद) पुलिस के हत्थे चढ़ेंगे उस दिन पुलिस उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगी.'

वहीं जब उनसे पूछा गया कि सोशल मीडिया पर यह चर्चा बेहद तेज है कि भोले राजभर को आपका स्वजातीय होने और कथित तौर पर रिश्तेदार होने की वजह से बचाया जा रहा है, इस पर आपकी क्या प्रतिक्रिया है? इसपर उन्होंने कहा कि 'अगर लोग ऐसा कह रहे हैं तो मेरा एक सवाल है कि फिर प्रदीप बिंद को कौन बचा रहा है? सवाल तो यह भी खड़ा होता है ना. देखिए, अपराधियों को पकड़ना या छोड़ना यह काम पुलिस का है, हम राजनेताओं या मंत्रियों का नहीं है. हमारा स्टैंड बहुत साफ है, हम लोग तो बस यही चाहते हैं कि जो भी इस दूल्हे की हत्या में शामिल था और जिसने अपराध किया है उसको अपराध की कड़ी सजा मिलनी चाहिए.'

ओपी राजभर से तीसरा सवाल किया गया कि विपक्ष और पीड़ित परिवार दोनों ही लगातार यह सवाल उठा रहे हैं कि पुलिस की कार्रवाई एक आरोपी (रवि यादव) पर तो बहुत सख्त दिखी.लेकिन बाकी दो राजभर और बिंद आरोपियों पर इतनी नरम क्यों दिखाई दे रही है? इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा 'कार्रवाई नरम नहीं है. जब अपराधियों का पता लगेगा, जासूस लगेंगे और जब वो कहीं मिलेंगे, तभी ना पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी. अब आप ही बताइए, क्या पुलिस के पास कोई ऐसी जादुई मशीन है जो तुरंत बटन दबाते ही पता करके बता दें कि भाई यह अपराधी इस समय फलां जगह पर छुपा बैठा है? पुलिस अपनी तरफ से पूरी ताकत से लगी हुई है, उनकी गिरफ्तारी बहुत जल्द होगी. पुलिस किसी भी अपराधी को छोड़ने वाली नहीं है.'

जब ओपी राजभर से पूछा गया कि 'भोले राजभर और प्रदीप बिंद की भी उसी सख्ती से गिरफ्तारी या एनकाउंटर जैसी कार्रवाई होनी चाहिए, जैसी रवि यादव के खिलाफ हुई है? इसका जवाब देते हुए उनहोंने कहा कि 'निश्चित तौर पर वैसी ही सख्ती होनी चाहिए, इसमें कोई दोराय नहीं है. जब उन लोगों ने मिलकर के उस बेगुनाह दूल्हे को मौत के घाट उतारा है, वो भी तब जब वह मंडप में जा रहा था, तो यह बेहद गंभीर मामला है. निश्चित है कि जब वे लोग अपराधी हैं तो उनको कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलनी ही चाहिए.'