Saharanpur Loot Case: सहारनपुर की गागलहेड़ी पुलिस ने 21 मई को हुई लूट का खुलासा करते हुए तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर दो मोटरसाइकिलें और मोबाइल बरामद किया. आरोपियों ने सुनसान एक्सप्रेसवे पर लूट की योजना स्वीकार की.
ADVERTISEMENT
सहारनपुर जनपद में थाना गागलहेड़ी पुलिस एवं स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी लूट की घटना का सफल खुलासा किया है. इस मामले में पुलिस ने तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से लूटी गई दो मोटरसाइकिलें, एक मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद की है.
घटना 21 मई 2026 की रात की है, जब ग्राम धनकरपुर निवासी ओमपाल सैनी अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल से जा रहे थे. इसी दौरान तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे के पास रोककर रास्ता पूछने का बहाना बनाया और उनकी मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए. पीड़ित की तहरीर पर थाना गागलहेड़ी में मामला दर्ज किया गया था.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटना का खुलासा करने हेतु थाना गागलहेड़ी पुलिस टीम, स्वाट टीम और मिशन शक्ति टीम का गठन किया गया. पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे के गागलहेड़ी कट से तीनों आरोपियों को दबोच लिया.
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आदित्य उर्फ आदि (निवासी ऊमरीकलां, थाना रामपुर मनिहारान), अक्षित (निवासी मिर्जापुर, थाना बड़गांव) और कार्तिक उर्फ बुड्ढा (निवासी ऊमरी खुर्द, थाना रामपुर मनिहारान) के रूप में हुई है. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि नौकरी से खर्च पूरा न होने पर उन्होंने लूट की योजना बनाई थी और सुनसान एक्सप्रेसवे को निशाना बनाया था.
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो लूटी गई मोटरसाइकिलें, एक सैमसंग मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की. बरामदगी के आधार पर मुकदमे में नई धाराएं भी जोड़ी गई हैं. पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रही है.
ADVERTISEMENT









