Saharanpur Crime News: सहारनपुर के देवबंद थाना क्षेत्र में युवक पिन्टू की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. थाना देवबंद पुलिस, एसओजी और स्वॉट टीम की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल ईंट का टुकड़ा, मृतक का आधार कार्ड, पैन कार्ड और आरोपी विशाल की खून से सनी शर्ट बरामद की गई है.
ADVERTISEMENT
मामला 30 अप्रैल का है, जब मुजफ्फरनगर निवासी मिन्टू ने अपने भाई पिन्टू की गुमशुदगी दर्ज कराई थी. कई दिनों की तलाश के बाद 3 मई को पिन्टू का शव आखलौर खेड़ी के नाले में मिला. इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस को विशाल और उसके साथी गगन पर शक हुआ. एसएसपी सहारनपुर के निर्देश पर गठित टीम ने दोनों आरोपियों को हाईवे स्थित घलौली मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में आरोपी विशाल ने जो खुलासा किया, उसने पुलिस को भी चौंका दिया. विशाल ने बताया कि वह पहले लूट के एक मामले में जेल जा चुका है. जेल से बाहर आने के बाद उसकी बाइक खराब होकर रास्ते में छूट गई थी. इस बात को लेकर घरवालों ने उसे “चोर” कहकर अपमानित किया. मोहल्ले के लोग भी उसे ताने मारते थे.
इसी बेइज्जती और गुस्से से भरे विशाल ने अपने दोस्त गगन के साथ मिलकर किसी अजनबी की हत्या करने की साजिश रची. 29 अप्रैल की रात दोनों आरोपी ट्यूबवेल पर बैठे थे. तभी बाइक से गुजर रहे पिन्टू को उन्होंने रोक लिया. आरोप है कि दोनों ने पहले उसकी गर्दन दबाई और फिर ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को नाले में फेंक दिया गया.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT









