Mathura police news: मथुरा में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़: 3 आरोपी गिरफ्तार, 10 चोरी की बाइक बरामद

Mathura News: मथुरा में कोतवाली पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। आरोपी विभिन्न जनपदों से वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल थे, जिन पर पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं.

Mathura News

Newzo

• 06:24 PM • 25 May 2026

follow google news

Mathura Crime News: वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. इनमें कई बाइक विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं.

यह भी पढ़ें...

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक विनोद बाबू मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम को यह सफलता मिली. प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रेलवे ग्राउंड की दीवार के पास दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बॉबी उर्फ रोहित (निवासी नगला हंसी, थाना राया), हेमंत कुमार (निवासी उदयगढ़ी, थाना नौहझील) और पवन कुमार (निवासी नावली, थाना नौहझील) के रूप में हुई है.

पुलिस पूछताछ में आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद हुईं. इनमें कुछ वाहन बिना नंबर प्लेट के थे, जबकि कई वाहनों का संबंध मथुरा सहित अन्य जनपदों में दर्ज मुकदमों से पाया गया है.

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी वाहन चोरी, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय होकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था.

थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. साथ ही पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान करने में जुटी हुई है.

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद बाबू मिश्रा, उपनिरीक्षक मोमराज सिंह, अरविंद कुमार सिवाल, मांगराम, सनोज कुमार, हेड कांस्टेबल मुकेश सविता, विमल प्रकाश, संजीव कुमार, आरक्षी राजीव तेवतिया और अमित शामिल रहे.